लहरपुर। कोतवाली क्षेत्र के लहरपुर-तंबौर मार्ग पर तेज रफ्तार वैन ने साइकिल सवार छात्र को टक्कर मार दी। इससे छात्र की मौत हो गई।
इलाके के रामरुढ़ा गांव निवासी शोभित (12) एक निजी विद्यालय से पढ़कर सोमवार दोपहर साइकिल से घर लौट रहा था। लहरपुर-तंबौर मार्ग पर रामरुढ़ा मोड़ पर वैन ने एक बाइक व छात्र की साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र उछलकर सड़कर पर जा गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी मुकुल प्रकाश ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इकलौते बेटे की मौत से घर में कोहराम
शोभित अपने पिता का इकलौता पुत्र था। वह इलाके के निजी विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। स्थानीय लोगों ने बताया कि उसके तीन बड़ी बहनें हैं। इकलौता पुत्र होने के कारण वह परिवार व गांव का बहुत ही दुलारा था। पिता एक साधारण किसान हैं। शोभित पढ़ने में भी तेज था। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। विद्यालय व गांव में भी शोक व्याप्त है।