सांडा। कोतवाली बिसवां के टेंड़वा कलां निवासी एक युवक मंगलवार दोपहर किवानी नदी में डूब गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला। परिजन उसे लेकर सीएचसी सांडा पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव निवासी रोहित (18) मंगलवार दोपहर गांव के पास किवानी नदी के किनारे स्थित अपने खेत में मवेशियों के लिये चारा लेने गये थे। चारा काटते समय वह नदी के किनारे पहुंच गए। इस दौरान अचानक पैर फिसल जाने के कारण वह नदी के गहरे पानी में चले गये। युवक को नदी में डूबता देख जब तक आसपास मौजूद लोगों ने पहुंचकर डूब रहे युवक को बचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मदद से रोहित को नदी से बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें सांडा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक मुकुल वर्मा ने बताया कि विधिक कार्यवाही की जा रही है।
भाई बहन में तीसरे नंबर पर था रोहित
मृतक के एक बहन व दो अन्य भाई है। भाई बहनों में रोहित तीसरे नंबर पर था। रोहित घर के काम काज में हाथ बंटाता था। घटना के बाद से परिजन बेसुध हैं। सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल कलीम अहमद ने बताया कि मामले की जांच की है। मृतक आश्रितों को आर्थिक सहयोग दिलाने के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।