महमूदाबाद (सीतापुर)। मानपुर के बनवरिहा गांव निवासी कुशाग्र (15) श्यामदासपुर के आशुतोष बृज मोहन मेमोरियल इंटर काॅलेज में कक्षा नौ का छात्र है। वह महमूदाबाद कस्बे में किराये पर कमरा लेकर रह रहा है।
मंगलवार को छुट्टी के बाद कुशाग्र करीब दो बजे साइकिल से कमरे पर जा रहा था। इसी दौरान मोतीपुर चौराहे पर उसे कुत्ते ने काट लिया। कुत्ते के हमले से कुशाग्र काफी भयभीत हो गया और साइकिल छोड़कर भागने लगा। घटना सीसीटीवी फुटेज में भी कैद हो गई। कुशाग्र यहां से सीएचसी आया, जहां उसे चिकित्सकों ने वैक्सीन लगाई। अधीक्षक डॉ. आशीष वर्मा ने बताया कि छात्र को वैक्सीन लगा दी गई है।