रामपुर मथुरा। भगौतीपुर गांव निवासी विवाहिता ने शुक्रवार को लखनऊ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने ससुरालीजनों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।
थानगांव के बैजवारी निवासी नारायण की पुत्री उमा देवी (23) का दो वर्ष पूर्व भगौतीपुर निवासी चंद्रिका के पुत्र राजकुमार से विवाह हुआ था। पिता नारायण के अनुसार कुछ दिन तक तो सब ठीक रहा। विवाह के एक वर्ष बाद पारिवारिक कलह बढ़ गई थी।
आरोप लगाया कि उमा को ससुरालीजन दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहे। 19 जून को ससुराल में ही वह फंदे से लटकी मिली। पति राजकुमार ने उमा को सीएचसी रामपुर मथुरा में भर्ती कराया। वहां से चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। शुक्रवार को उपचार के दौरान उमा ने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष कृष्णनंदन तिवारी ने बताया पूछताछ के लिए उमा के पति राजकुमार को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।