मिश्रिख। परीक्षा देकर भाई संग स्कूटी से घर लौट रही एक छात्रा के साथ कार सवार पांच मनचलों ने छेड़छाड़ की। शोहदों ने छात्रा का कार से पहले काफी दूर तक पीछा किया। इसके बाद सुनसान जगह पहुंचकर स्कूटी के आगे गाड़ी लगाकर कार में खीचने की कोशिश की। पुलिस ने केस दर्ज कर गोपाल को पकड़ लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती एलएलबी की छात्रा है। वह अपने भाई के साथ मछरेहटा के एक निजी काॅलेज में एलएलबी छठे सेमेस्टर का पेपर देने गई थी। लौटते समय मछरेहटा-मिश्रिख मार्ग पर गाड़ी संख्या यूपी 31 क्यू 7357 में सवार कुछ लड़कों ने पहले भाई-बहन का कार से काफी दूर तक पीछा किया। इसके बाद सुनसान स्थान पर धनधारी जंगल के पास मनचलों ने स्कूटी के आगे कार लगा दी।
छात्रा को गाड़ी में खींचते हुए उससे छेड़छाड़ करने लगे। भाई ने विरोध तो उसे पीट दिया। उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। शोर सुनकर एकजुट हुए राहगीरों ने मनचलों को पकड़ने का प्रयास किया तो सभी भाग गए।
इसके बाद छात्रा ने मिश्रिख कोतवाली में मामले की शिकायत की। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर एक शोहदे को पकड़ लिया है। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि छात्रा के साथ छेड़छाड़ व मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। कार में सवार रघुबरपुर गांव निवासी गोपाल शुक्ल, दिलीप शुक्ल, अनिल व दो अज्ञात खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।