सीतापुर। शहर स्थित द्वितीय वाहिनी पीएसी में तैनात रसोइये संदीप कुमार (42) की सोमवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। नाक से खून बह रहा था जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शहर कोतवाल अनूप शुक्ला ने बताया कि संदीप पीएसी में रसोइया (फॉलोअर) थे। कुछ दिनों से वह काफी बीमार थे। सुबह उनकी पत्नी मरणासन्न हालत में उनको लेकर जिला अस्पताल पहुंची थीं। शरीर पर ऐसे चोट के कोई निशान नहीं थे जो दिखाई दे रहे हों। परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। हालांकि सूत्रों के अनुसार सिर में गुम चोट लगने के कारण उनकी मौत होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।