सीतापुर (ब्यूरो)। रामकोट थाना क्षेत्र में एक अधेड़ ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। परिवार वालों का कहना है कि पत्नी से कहासुनी के बाद उसने आत्महत्या की। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम लोधौरा निवासी पवन कुमार (40) शराब का आदी था। सोमवार शाम वह शराब पीकर घर पहुंचा, तो पत्नी पदमावती ने विरोध जताया। इस पर पवन कुमार भड़क गया। पत्नी से झगड़ते हुए उसे कमरे से बाहर निकाल दिया। जबकि खुद कमरे में सो गया। मंगलवार सुबह जब उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के सदस्य चिंतित हो उठे। उन्होंने कमरे में झांक कर देखा तो पवन का शव फंदे से लटक रहा था। परिवार के सदस्यों ने घटना को आत्महत्या बताया। घरवालों ने पुलिस को बताया कि पत्नी से कहासुनी होने के चलते क्षुब्ध होकर पवन ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।