सीतापुर (ब्यूरो)। ग्रामीण इलाकों में बिजली उपभोक्ताओं के यहां अब बिजली के मीटर लगेंगे। पावर कॉर्पोरेशन नवंबर से दिसंबर के बीच अभियान चलाकर इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगाने का काम शुरू करने जा रहा है। जिले के लगभग 85 हजार ग्रामीण उपभोक्ताओं के घर मीटर लगने से राजस्व वसूली में खासा इजाफा होने की उम्मीद है।
विद्युत नियामक आयोग ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में मार्च 2015 तक सभी बगैर मीटर वाले उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाकर बिलिंग व्यवस्था प्रतिमाह प्रभावी की जाए। इसको लेकर सीतापुर मंडल में भी कवायद शुरू कर दी गई है। पहले दौर में इस अभियान के तहत गांव में शिविर लगाए जाएंगे। सोमवार से विभागीय अधिकारी बैठक कर दोनों महीनों की कार्य योजना तैयार करेंगे। दरअसल अभी तक गांवों की बिजली सप्लाई विभाग के लिए घाटे का सौदा साबित हो रही थी। मीटर न होने के कारण गांव में उपभोक्ताओं को दो महीने में फिक्स चार्ज के हिसाब से बिल दिया जाता है। नई व्यवस्था के तहत शहरों की तरह गांव में भी हैंड हेल्ड मशीन के द्वारा प्रतिमाह मीटर की रीडिंग लेकर बिल जारी करने की व्यवस्था की जा रही है।