रेउसा (सीतापुर)। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मंगलवार सुबह एक बालिका ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। वहीं, बालक बुरी तरह झुलस गया। बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि तार कई दिनों से टूटे पड़े थे। कई बार शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया।
ग्राम नजरुल शाह पुरवा निवासी साबिर की पुत्री अंजुम (12) मंगलवार सुबह गांव के ही मोहिद्दीन के पुत्र अलीशेर (10) के साथ गांव से खेत जा रही थी। गांव के बाहर सिकड़िया निवासी झब्बू लाल के खेत में हाईटेंशन लाइन के तार टूटे हुए पड़े थे। जैसे ही दोनों बच्चे उधर से गुजरे, तार की चपेट में आ गए। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान दौड़कर मौके पर पहुंचे और सूखे बांस की मदद से तार को अलग किया। तब तक अंजुम की करंट से मौत हो चुकी थी। वहीं, अलीशेर बुरी तरह से झुलस गया था।