सीतापुर (ब्यूरो)। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह दबंगों ने जमीन के कब्जे को लेकर एक परिवार पर धारदार हथियार से हमला किया। इससे परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। दोनों पक्ष एक ही गांव के निवासी होने के कारण गांव में तनाव व्याप्त है।
इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सैदापुर निवासी जयकरन (55) का गांव के ही लाल बिहारी से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। सोमवार की सुबह जय करन गांव के बाहर खेतों की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में लाल बिहारी मिल गया और जय करन को रोककर गालियां देने लगा। इस पर जय करन ने विरोध किया तो तकरार बढ़ गई। लाल बिहारी पक्ष से करीब आठ लोग लाठी डंडे व धारदार हथियार समेत मौके पर पहुंच गए और जयकरन पर हमला बोल दिया। जय करन की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य दौड़कर वहां पहुंचे और जय करन को बचाने का प्रयास करने लगे। इस पर हमलावरों ने बचाव करने पहुंचे परिवार के सदस्यों पर भी ताबड़तोड़ प्रहार करने शुरू कर दिए । परिवार की पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। वहां ग्रामीणों ने दबाव बनाकर विवाद शांत कराया। तब तक जय करन, उसका भाई रामभरोसे (50), राधे (35), कमला देवी (32),परवन घायल हो चुके थे। घायलों को इमलिया सुल्तानपुर कस्बा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां पर डाक्टरों ने जयकरन की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के संबंध में घायल पक्ष ने गांव के लाल बिहारी, चंद्रभाल आदि के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।