खैराबाद (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दो मजदूर झुलस गए। दोनों छत पर रखी टंकी को दुरुस्त कर रहे थे। दोनोें मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों का कहना है कि बिजली लाइन के नीचे अवैध रूप से मकान का निर्माण किया गया है। जिसके चलते यह हादसा हुआ है।
थाना क्षेत्र के ग्राम मातापुर निवासी अनूप (30) व गांव का ही संजय कुमार (32) पानी की टंकी लगाते हैं। मंगलवार को दोनों मोहल्ला अर्जुनपुर निवासी इरफान के घर गए थे। यहां इरफान ने बताया कि छत पर रखी टंकी में खराबी थी। जिसकी वजह से दोनों मजदूर छत पर चढ़कर टंकी ठीक कर रहे थे। इसी बीच हाईटेंशन लाइन का तार अनूप की गर्दन में उलझ गया। जोरदार झटके के साथ अनूप छत से नीचे आ गिरा। वह बुरी तरह से झुलस गया। घटना में पास में ही खड़ा उसका साथी संजय भी करंट की चपेट में आ गया। स्थानीय नागरिकों ने आननफानन दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने बताया कि अनूप की हालत चिंता जनक है। करंट लगने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं हैं।
उधर, घटना के संबंध में पावर कार्पोरेशन के जेई पवन कुमार मिश्रा ने बताया कि यह लाइन बहुत पुरानी है। मकान का निर्माण बाद में किया गया है। इसलिए लापरवाही गृहस्वामी की है। भवन निर्माण के लिए नक्शा कैसे पास हुआ यह भी विचार करने की बात है। वहीं पालिका ईओ राम बालक मिश्रा ने बताया कि भवन निर्माण के लिए कोई नक्शा पास है या नहीं यह उनके संज्ञान में नहीं है। यदि कहीं से हाईटेंशन लाइन निकली है और उसके नीचे भवन का निर्माण किया जा रहा है, तो वह अवैध ही माना जाएगा।