संदना (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक मासूम बोरवेल में गिर गया। आठ फीट गहराई में जाकर वह फंस गया। बोरवेल से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर लोगों को पता चला। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सकुशल बाहर निकाल लिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहतर बताई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदापुर में लगा सरकारी हैंडपंप खराब हो गया था। मौके पर पहुंचे मिस्त्री पाइप को निकाल कर रिबोर करने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच गांव के शिवनाथ का पुत्र करन (5) खेलता हुआ वहां पहुंचा और बोरवेल में झांकने लगा। संतुलन बिगड़ने पर वह उसमें गिर गया। बालक के रोने की आवाज सुन रिबोर करने पहुंचे मिस्त्री व मजदूरों ने ग्रामीणाें को पूरी बात बताई तो कुछ ही देर में पूरा गांव वहां जमा हो गया। गांव के लोग मदद के लिए अपने-अपने घरों से फावड़े झवई, थाली व तसले लेकर आ गए। कुछ की पलों में बोरवेल के आसपास खोदाई का काम शुरू हो गया। करीब 100 ग्रामीणों ने दो घंटे तक लगातार मिट्टी खोदी। मिट्टी की खोदाई से गड्ढे में फंसा बालक कहीं और नीचे न खिसक जाए, इसके लिए करीब 9 फीट नीचे खोदाई कर ग्रामीणों ने एक पटरा डाल दिया। जिसके बाद बोरवेल के एक तरफ का हिस्सा आहिस्ता-आहिस्ता काटा गया। इसके बाद उसे किसी तरह बाहर निकाला गया। मासूम के शरीर पर काफी खरोचें आ गईं थीं। परिवारीजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया। सीएचसी के डॉ. संतोष चौधरी ने बताया कि बच्चे को मामूली चोट आई थी। अब वह पूरी तरह से स्वस्थ्य है।