सीतापुर। महोली कस्बे के भट्ठा मोहल्ले में करीब दस दिन पूर्व तलवार से काट कर की गई अधेड़ की हत्या का महोली पुलिस व क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। अधेड़ को किसी और ने नहीं बल्कि उसकी पत्नी ने ही सुपारी देकर प्रेमी व उसके साथी से हत्या करवा दी थी। पुलिस ने आरोपी महिला व हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली का कहना है कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी दबोचा जाएगा। खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
15 जून को महोली कस्बे के बड़ागांव मार्ग पर भट्ठा मोहल्ला निवासी सत्यदेव मिश्रा (60) पुत्र रामसनेही की तलवार से काट कर हत्या कर दी गई थी। वह घर में अकेला था और पत्नी बच्चों के एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। वारदात के बाद मृतक के ससुर ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। एसपी ने बताया कि अधेड़ की हत्या उसकी पत्नी माधुरी मिश्रा ने ही कराई थी। सत्यदेव की पहली पत्नी की मौत हो गई थी, जिसके बाद उसने अपनी उम्र से आधी आयु की माधुरी से शादी कर ली थी। माधुरी के चार बच्चे भी हैं। कम उम्र की माधुरी के क्षेत्र के ही रजवापुर निवासी शिवसहाय मिश्रा व मोहल्ले के अनुज मिश्रा से अवैध संबंध हो गए थे।
मृतक सत्यदेव कुछ संपत्ति पहली पत्नी की बेटी को देना चाहता था, जिसका माधुरी ने विरोध किया था। इन्हीं कारणों से माधुरी ने पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जिनसे उसके संबंध थे, उन्हीं को पति की हत्या की सुपारी दे दी। योजना के मुताबिक माधुरी बच्चों को लेकर एक कार्यक्रम में चली गई थी। फोन से अनुज व शिवसहाय को बुला कर उनसे घर में अकेले सो रहे पति की हत्या करा दी। एसपी ने बताया कि खुलासा होने के बाद माधुरी व अनुज को बड़ागांव रोड टैम्पो स्टैंड के पास से बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल व तलवार भी बरामद की गई। तीसरे आरोपी शिवसहाय की तलाश की जा रही है।