महमूदाबाद (सीतापुर)। पिछले 10 दिनों से लापता युवक का शव बुधवार को जंगल में पेड़ से लटकता मिला। परिवारीजनों का आरोप है कि उसकी हत्या कर लाश को फंदे पर लटकाया गया। परिवारीजनाें ने शरीर पर तेजाब डालने की भी बात कही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सदरपुर क्षेत्र के नंदईपुरवा निवासी अधिवक्ता पुत्तीलाल का पुत्र राजू उर्फ राजकुमार (30) 20 अगस्त को बाइक से दवा छिड़कने वाली मशीन लेकर खेत गया था। उसके बाद से घर नहीं लौटा। राजू के मामा रामनरेश व चाचा कन्हैय्या लाल ने बताया कि तलाश करने पर दवा छिड़कने की मशीन पैगरवा गांव के निकट पड़ी मिली, लेकिन राजू का कहीं पता नहीं चला।
बुधवार को कुछ चरवाहे मवेशी लेकर क्षेत्र के भिनैनी जंगल के निकट गए थे। जहां उन लोगों ने राजू का शव फांसी के फंदे पर लटका देखा। खबर पाकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। परिवारीजनों का कहना है कि राजू के गले में रस्सी का फंदा पड़ा था। शर्ट से भी उसका शरीर पेड़ की ऊंची डाल में बंधा था। परिवारीजनों का आरोप है कि राजू की हत्या करने के बाद उसका शव फंदे से लटका दिया गया। बताया कि उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या करने से पहले उस पर तेजाब डाला गया और बाद में शव फंदे पर लटका दिया गया। बताया कि राजू की बाइक व मोबाइल अभी भी नहीं मिला है। पुलिस कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।