लहरपुर। एक विवाहिता ने संतान न होने से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला किशुनपुर गांव से जुड़ा है। मायके वालों ने किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया है।
सोंसरी निवासी पतरासन ने चार वर्ष पहले अपनी पुत्री शांति देवी की शादी किशनपुर निवासी नीरज के साथ की थी। उसके अब तक कोई संतान नहीं थी। शांति का काफी इलाज भी कराया गया, लेकिन फायदा नहीं हुआ। इसी वजह से वह परेशान रहने लगी थी। बताते हैं कि सोमवार को शांति शौच के लिए बाग गई थी। यहीं पर उसने पेड़ से लटककर फांसी लगा ली। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद जब ग्रामीण बाग की ओर से निकले तो शांति फंदे पर लटकी मिली। सूचना पाकर उसका पति नीरज व मायके वाले मौके पर पहुंच गए। मंगलवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शांति देवी संतान न होने से विक्षिप्त थी इसी के चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।