सीतापुर। लोकतंत्र का महापर्व सोमवार को मनाया जाएगा। पांचवें चरण यानी छह मई को जिले की तीन संसदीय सीट के लिए मतदान होगा। इसके लिए यहां की आठ विधानसभा क्षेत्रों मे 2114 मतदान केंद्र व 3221 बूथ बनाए गए हैं।
सीतापुर, धौरहरा एवं मोहनलालगंज सीटों पर 32 उम्मीदवार चुनावी अखाड़े में है। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान प्रक्रिया में करीब साढ़े 26 लाख वोटर उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद करेंगे।
सीतापुर जिले में चार संसदीय क्षेत्र आते हैं। सीतापुर के लिए यहां के मतदाता खुद का सांसद चुनते हैं। जबकि महोली, हरगांव विधानसभा क्षेत्र के मतदाता धौरहरा संसदीय सीट और सिधौली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता मोहनलालगंज एवं मिश्रिख विधानसभा क्षेत्र के मतदाता मिश्रिख संसदीय सीट के लिए अपना सांसद चुनते हैं।
चौथे चरण यानी 29 अप्रैल को मिश्रिख सीट के लिए मतदान हो चुका है। अब पांचवें चरण यानी छह मई को सीतापुर, धौरहरा एवं मोहनलालगंज सीट के लिए मतदान होगा।
तीन संसदीय सीट के लिए यहां की आठ विधानसभा क्षेत्रों में 2114 मतदान केंद्र व 3221 बूथ बनाए गए हैं। सीतापुर और मोहनलाल संसदीय क्षेत्र से 12-12 व धौरहरा से आठ उम्मीदवार चुनावी समर में कूदे हैं।
इन सीटों के लिए यहां की आठ विधानसभा क्षेत्रों के 26 लाख 84 हजार 938 मतदाता वोट डालेंगे। 23 मई को चुनावी नतीजे आएंगे।
एक नजर
कुल मतदाता- 2684938
दिव्यांग वोटर- 15906
मतदान केंद्र- 2114
मतदेय स्थल- 3221
वेब कॉस्टिंग बूथ- 324
वलरेविल बूथ- 69
क्रिटिकल बूथ- 249
पिंक बूथ- 09