पिता ने दर्ज कराया अपहरण का केस
रेउसा (सीतापुर)। थाना इलाके में एक नर्तकी ने घर में अकेली देख दो किशोरियों को अगवा कर लिया। किशोरियों के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नर्तकी के विरुद्ध अपहरण का केस दर्ज करते हुए पड़ताल शुरू कर दी है।
स्थानीय थानाक्षेत्र के जगदीशपुर गांव में रहने वाले प्रमोद ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि कुछ दिन पहले गांव में नर्तकियां कार्यक्रम करने आई थीं। आरोप है, उसकी गैरहाजिरी में नर्तकी ज्योतिषना निवासी सरैंया थाना सदरपुर ने घर पर अकेली देख दोनों बेटियों को रुपयों का लालच देकर बरगला लिया।
इसके बाद दोनों को अगवा कर साथ ले गई। घर पहुंचने पर मामले की जानकारी हुई। काफी तलाश के बाद भी बेटियों का कोई पता नहीं चला। थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी नर्तकी के विरुद्ध अपहरण का केस दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।