ग्राम्य विकास विभाग के विशेष सचिव ने जहांगीराबाद गांव का किया निरीक्षण
जहांगीराबाद (सीतापुर)। ग्राम्य विकास विभाग के विशेष सचिव ने शनिवार को जहांगीराबाद के मुआयने में विकास कार्यों की हकीकत देखी। बाद में उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना में आवंटित आवासों का सत्यापन किया। इस दौरान आवास सूची में कई नाम अपात्रों के मिले। इसके अलावा अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
बता दें कि ग्राम्य विकास विभाग के विशेष सचिव टीके शीबू शुक्रवार को सीतापुर दौरे पर आए थे। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करने के बाद उनका मिश्रिख के दो गांवों में जाकर आवासों के भौतिक सत्यापन का कार्यक्रम था। पर विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में विशेष सचिव को बिसवां तहसील में आवासों की प्रगति खराब मिली थी।
इस पर उन्होंने मिश्रिख तहसील के बजाए बिसवां तहसील के त्योला और जहांगीराबाद गांव सेलेक्ट किए थे। समीक्षा करने के बाद विशेष सचिव ने शुक्रवार को त्योला में आवासों का सत्यापन किया था। पर देर होने की वजह से उन्होंने जहांगीबाद गांव का भ्रमण शनिवार को करने कर कार्यक्रम प्रस्तावित किया था।
इसके बाद विशेष सचिव टीके शीबू दोपहर को जहांगीराबाद गांव पहुंचे उन्होंने गांव का निरीक्षण कर शासन की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने जहांगीराबाद सहित कहारनपुरवा, मवासेपुर, गनुवापुर, फरदापुर तथा छठवान गांव में जाकर 35 आवासों की जमीनी हकीकत जानी।
आवास सूची में बहुत से नाम अपात्र मिले। इस दौरान जॉइंट कमिश्नर वीपी पाण्डेय, निजी सचिव राज किशोर, बीडीओ सुनील कुमार सिंह, प्रधान प्रतिनिधि असलम अंसारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अंबिका प्रसाद उपस्थित रहे।