महोली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को सुबह एक बदमाश ने शिक्षिका का पर्स लूट लिया। वारदात उस समय हुई, जब शिक्षिका स्कूल जा रही थी। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दिनदहाड़े हुई लूट से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
सहारनपुर जिले की सीमा कास्त्रे महोली क्षेत्र के बहेर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर तैनात है। शिक्षिका ने इन दिनों महोली कस्बे में बस स्टाप के निकट किराए पर आवास ले रखा है। सुबह शिक्षिका साइकिल से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में नटपुरवा के निकट खड़े एक बदमाश ने शिक्षिका की साइकिल को धक्का मार दिया, जिससे वह साइकिल समेत गिर गई।
उसके गिरते ही बदमाश शिक्षिका का पर्स लूटकर भाग निकला। शिक्षिका शोर मचाती रह गई और बदमाश निकट के खेतों में जाकर ओझल हो गया। शिक्षिका ने इस संबंध में महोली कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक धर्म प्रकाश शुक्ला ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।