सीतापुर। जिले में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर के निर्देश पर नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान चलाया गया। अभियान के पहले दिन ही 91 बाइक सवार बिना हेलमेट के पंपों पर ईंधन भराते नजर आए। एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने नियमों को दरकिनार कर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों का चालान किया। पहले दिन 91 हजार रुपये के चालान किए गए।
एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि 1 से 15 मई तक नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया जाएगा। दुर्घटनाओं में होने वाली जान-माल की हानि को कम करने का प्रयास किया जाएगा। एआरटीओ व उनकी टीम ने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना हेलमेट आए बाइक चालकों को पेट्रोल न देने के निर्देश दिए गए। बताया कि पहले दिन ही 91 बाइक चालकों का चालान किया गया।
278 बाइक सवारों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। अभियान के दौरान एक मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइक को भी सीज किया गया। बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। बताया कि हेलमेट न केवल सिर को गंभीर चोटों से बचाता है, बल्कि वाहन चलाते समय संतुलन और नियंत्रण बनाए रखने में भी मदद करता है। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 1000 रुपये का चालान होगा।