सीतापुर। पंचायत मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम चल रहा है। बीएलओ घर-घर जाकर वोटरों का सत्यापन कर रहे हैं। वह मैनुअल और ई-बीएलओ एप के मार्फत काम कर रहे हैं। एप के माध्यम से की गई फीडिंग के अनुसार 8,469 वोटरों के नाम हटाने के लिए चिह्नित किया गया है। इनके नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए तय प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। इसके तहत संबंधित मतदाताओं को नोटिस दिया जाएगा।
जिले में 1,588 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें 30,53,706 मतदाता हैं। इनके सत्यापन के संग डुप्लीकेट मतदाताओं का भी घर-घर सत्यापन किया जा रहा है। बीएलओ की ओर गणना शीट भरने के बाद इसकी सूची संबंधित खंड विकास अधिकारी को दी जाएगी।
उनकी ओर से इसे एक्सल सीट पर भरकर एसडीएम को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद संशोधन, परिवर्धन और विलोपन की कार्रवाई होगी। बीएलओ एप द्वारा 17 सितंबर तक पुनरीक्षण संबंधी 26,672 प्रविष्टियां फीड की गई हैं। इसमें 8469 वोटरों के नाम सूची से हटाने के लिए चिह्नित किए गए हैं। सर्वाधिक 1,963 मतदाता एलिया ब्लॉक से हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत वीएल भार्गव ने बताया कि अभी किसी का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया गया है।
इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग से जारी प्रक्रिया का अनुपालन किया जाएगा। इसके तहत जिस मतदाता के नाम का विलोपन किया जाना है, उसे संबंधित एसडीएम पहले नोटिस जारी करेंगे।