सकरन (सीतापुर)। एक तांत्रिक ने भूत-प्रेत का साया बताकर पीड़ित से एक लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया है।
सकरन थाना क्षेत्र के खजुरा गांव निवासी विमलेश कुमार की पत्नी बीमारी रहती थी। काफी इलाज कराने पर भी कोई फायदा नही हो रहा था।
इसी बीच विमलेश कुमार की मुलाकात खीरी जिले के नीमगांव क्षेत्र के खौड़पुर बेलरिया निवासी तांत्रिक रंजीत से हुई। उसने घर में व पत्नी पर भूत प्रेत का साया बताया।
पूजा के सामान के लिये 93 हजार रुपये तांत्रिक ने विमलेश कुमार से लिए। उसके बाद तांत्रिक अन्य साथियों इजहार व प्रधान निवासी बटपुरवा थाना हरगांव, नीमगांव के खनकरी निवासी नसीम, सरैंया निवासी पंडित को साथ लेकर 17 अप्रैल की शाम को विमलेश कुमार के घर पहुंचा।
रात भर पूजापाठ हुई। पूजा करते समय करीब 12 हजार रुपये कीमत का एक बकरा बलि के लिए लिया। सुबह करीब पांच बजे तांत्रिक अपने साथियों के साथ 93 हजार रुपये व बकरा लेकर भाग निकला।
विमलेश कुमार ने तांत्रिक व उसके चार साथियों के खिलाफ सकरन थाने पर तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तांत्रिक की तलाश जारी कर दी।
गुरुवार को पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को दबोच लिया। इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी तांत्रिक रंजीत को जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।