प्रयोगशाला जांच में तीन नमूने मिले अनसेफ, व्यापारियों के बंद कराए गए कारोबार
सीतापुर। जिले में मुनाफाखोर खाद्य पदार्थों में मिलावट करने से बाज नहीं आ रहे है। बर्फी पर चांदी के वर्क में एल्युमीनियम की मिलावट कर रहे हैं। वहीं बेसन व मिर्च पाउडर में प्रतिबंधित कलर की मिलावट पकड़ी गई है। इसकी पुष्टि राजकीय प्रयोगशाला की जांच में हुई है। यह सभी नमूने अनसेफ मिले हैं।
जोकि स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। इस पर तीनों व्यापारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की तरफ से जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया था। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीके वर्मा ने 25 जून 2018 को मानपुर स्थित टिन्टू शुक्ला की मिठाई की दुकान से वर्क लगी बर्फी का नमूना भरा था।
इसको जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला आगरा भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में यह अनसेफ मिला है। बर्फी पर लगे वर्क में एल्युमीनियम की मिलावट की पुष्टि हुई है। इसी प्रकार लहरपुर रोड हरगांव स्थित जयहिन्द किराना से एफएसओ रविद्र नाथ वर्मा ने 25 फरवरी 2018 को बेसन में रंग की मिलावट की आशंका को देखते हुए इसका नमूना भरा था।
यह जांच में असुरक्षित मिला है। रंग में सिन्थेटिक पीला रंग व मटर के आटे की मिलावट पाई गई है। इसी प्रकार एफएसओ कृत्रि गुप्ता ने 24 फरवरी 2018 को कमलापुर स्थित सुनील कुमार दीक्षित किराना स्टोर से लाल मिर्च पाउडर का नमूना भरा था।
आगरा की प्रयोगशाला में यह अनसेफ मिला है। इसमें सिन्थेटिक कलर की मिलावट की पुष्टि हुई है। इस पर तीनों व्यापारियों के लाइसेंस/पंजीकरण निलंबित कर दिए गए है। तत्काल कारोबार बंद करने की हिदायत दी गई है।
छात्राओं को परोसा जा रहा मिलावटी तेल से बना भोजन
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कलुवापुर महमूदाबाद की छात्राओं को मिलावटी तेल से बना भोजन परोसा जा रहा है। तेल का नमूना जांच में फेल हो गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्कूल से सरसों तेल का नमूना भरा था। जोकि जांच में फेल हो गया है।
तेल में टरबीडीटी अधिक मिली है। यह एक मानक के अनुसार 27.5 फीसदी होनी चाहिए। लेकिन इसमें 34 फीसदी मिली है। यह अधोमानक साबित हुआ है। इस पर वार्डेन को नोटिस जारी किया गया है।
राजकीय प्रयोगशाला की जांच में नमूने अनसेफ मिले हैं। व्यापारियों के लाइसेंस निलंबित करते हुए उनका कारोबार बंद करा दिया गया है। इनको अपील करने की मोहलत दी गई है। इसके बाद वाद दायरा कराया जाएगा।
-अरविंद कुमार यादव, अभिहित अधिकारी