महमूदाबाद। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में बुधवार को सभासदों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित सभासदों ने विकास कार्यों में मनमानी बरतने के साथ ही मार्ग प्रकाश व्यवस्था के नाम पर 75 लाख खर्च करने के बाद भी वार्डों में अंधेरे का मुद्दा जोर शोर से उठाया। उन्होंने पालिका प्रशासन पर मनमाने तरीके से भुगतान का आरोप भी लगाया। करीब दो घंटे तक चली बोर्ड की हंगामी बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्ड क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव भी पालिका प्रशासन को सौंपे।
नगर पालिका में बुधवार को आयोजित बोर्ड बैठक की शुरूआत ईओ नीलम चौधरी द्वारा गत माह की कार्यवाही रिपोर्ट पढ़ने के साथ हुई। इसके बाद निर्माण कार्य में मनमानी व पक्षपात बरतने का आरोप लगाते हुए सभासदों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सभासद राजू ने बताया कि मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था के नाम पर 75 लाख का भुगतान किया गया है लेकिन वार्डों में आज भी अंधेरा है। फोन करने पर भी लाइट सही नहीं होती है।
पैगंबरपुर के सभासद मोहम्मद आसिफ ने आरोप लगाया कि पालिका के अधिकारी व कर्मचारी सभासदों की कोई बात नहीं सुनते हैं। अनुदान में मिलने वाली 1.60 करोड़ रुपये की राशि का भी मनमाने तरीके से भुगतान कर गड़बड़ी की जा रही है। सभासद को केवल साइन करने के लिए मीटिंग में बुलाया जाता है। प्रस्ताव भी खुद तैयार किया जाता है।
बैठक में सरावगी वार्ड से सभासद ने दाखिल खारिज सरल बनाने, जैन मंदिर मार्ग बनवाने और संगत तालाब के किनारे नाला निर्माण का प्रस्ताव रखा। सभासद मोहिनी श्रीवास्तव ने कहा कि मोहल्लों में नए पोल स्थापित किए जाएं और स्ट्रीट लाइट लगाई जाए। सभासदों ने कहा कि दाखिल खारिज की प्रक्रिया इतनी जटिल बना दी गई है कि आम जनता परेशान है। आरोप लगाया कि टैक्सी स्टैंड, स्कूलों की मरम्मत, वेंडिंग जोन के काम अधूरे पड़े हैं।
क्षेत्र का विकास प्राथमिकता, दूर होंगी खामियां
पालिकाध्यक्ष आमिर अरफात ने कहा कि क्षेत्र का विकास हमारी प्राथमिकता है। जो भी समस्याएं हैं उनको दूर कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड स्तर पर होने वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव में संबंधित सभासद से भी पूरा विचार विमर्श किया जाएगा। मार्ग प्रकाश के नाम पर हुए मनमाने भुगतान के संबंध में भी पत्रावली देखी जाएगी। बैठक में सभासद संघ अध्यक्ष चक्रसुदर्शन पाण्डेय, बीना गुप्ता, कमर अली, उमेश वर्मा, सुनील मौर्य, मोहम्मद सैफ, इस्लाम, अयूब अहमद डंपी, संतोष मिश्रा आदि उपस्थित रहे।