लहरपुर कोतवाली इलाके में हुए दो अग्निकांड
लहरपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दो भीषण अग्निकांडों में जहां एक मुर्गी फार्म में हजारों मुर्गियां जिंदा जल गईं, वहीं दूसरे गांव में करीब 20 घरों से दस लाख की संपत्ति राख हो गई। ग्रामीणों व दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लहरपुर इलाके के अगुवापुर गांव में गुरुवार को अज्ञात कारणों के चलते श्रीपाल पुत्र छंगा के घर के ऊपर पड़ी छपरिया में आग लग गई। जब तक लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की तब तक आग बेकाबू हो गई।
देखते ही देखते आग ने गांव श्रीकेशन, हरिराम, मुनीम, ओम प्रकाश, ओमकरण, प्रमोद, कमलेश, राकेश, संदीप, अशोक, सरवन, सुमित्रा देवी, सुमन, जगदीश, राम सिंह, कल्लू, सत्य पाल, तनोज आदि के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
खबर पाकर दमकल टीम भी पहुंची। टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। अग्निकांड में हरिपाल के घर बक्से में रखी 50 हजार की नकदी सहित सभी का करीब 10 लाख संपत्ति का नुकसान हो गया। तहसील प्रशासन को सूचना दे दी गई है।
इसके अलावा लहरपुर इलाके के ही गंगादीन पुरवा मजरा रंगवा निवासी मोहम्मद सगीर के मुर्गी फार्म में दोपहर अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस अग्निकांड में छह हजार मुर्गे व मुर्गियां जिंदा जल गईं। स्थानीय पुलिस, ग्रामीण और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सगीर के अनुसार लगभग छह लाख रुपए का नुकसान हुआ है।