सदरपुर व रामकलां थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटनाएं
महमूदाबाद (सीतापुर)। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दो लोगों को हल्की चोटें आईं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने नाजुक हालत देख दो को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
महमूदाबाद के बरगदिया निवासी सुनील कुमार स्कूटी से एक तिलक समारोह में गए थे। शनिवार की सुबह वह स्कूटी से वापस अपने घर लौट रहा था। रामपुरकलां थाना क्षेत्र स्थित सरैंया-रामपुरकलां मार्ग पर गौरा-पहला के पास स्कूटी अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी।
दुर्घटना में स्कूटी पर सवार अयोध्या प्रसाद, अमन राज (8) और सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने 100 व 108 डायल कर सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी पहला भेजा।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अयोध्या प्रसाद व अमनराज को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं दूसरी तरफ थाना सदरपुर के सरैया-महमूदाबाद मार्ग पर बाइक पर सवार होकर कस्बा भोलागंज कोतवाली बिसवां निवासी इमरान (18) अपनी मां जैतून (45) के साथ शादी समारोह में शामिल होने फतेहपुर जा रहा था।
तभी बेढ़ौरा-कहारपुर के निकट सरैंया की तरफ से आ रही पिकअप ने पीछे से इनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहला में भर्ती कराया गया।