जेसीबी व जैक लगाकर सकुशल निकाला गया युवक, ट्रॉमा रेफर
सरैंया (सीतापुर)। जाको राखे साइयां मार सके न कोय। यह कहावत शनिवार को बाइक सवार एक युवक के साथ चरितार्थ हुई। यह युवक एक हादसे के बाद डंपर के पहिये के नीचे करीब एक घंटे तक फंसा रहा। पुलिस व स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसकी जान तो बचा ली मगर युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
रामपुर कलां क्षेत्र के कोरौली गांव के प्रेमसागर का पुत्र विपिन कुमार क्षेत्र के ही गांव वीरशाह से अपने रिश्तेदार व बिसवां क्षेत्र के झव्वा पटना निवासी शिवराम के साथ शनिवार को बाइक से सरैयां स्टेशन जा रहा था। इस बीच यह दोनों लोग सरैंया राजा साहब गांव के निकट रेलवे क्षेत्र में चल रहे कार्य के लिए मिट्टी लेकर पीछे से आ रहे डंपर की चपेट में आ गए।
इसके बाद विपिन साइकिल सवार युवक को बचाने के चक्कर में बाइक समेत डंपर के टायर के नीचे फंस गया। साथ ही उसका साथी शिवराम भी चपेट में आकर जख्मी हो गया। यह नजारा देख डंपर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। खबर पाकर पुलिस व स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
घायल को निकालकर सीएचसी पहला भेजा गया। वहीं डंपर के अगले पहिये के नीचे फंसे विपिन को एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी व जैक का सहारा लेकर बाहर निकाला जा सका। उसे सीएचसी पहला से लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।