झरेखापुर (सीतापुर)। इमलिया सुल्तानपुर थाना इलाके में शुक्रवार को एक घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपेटों ने एक-एक करके पड़ोस के संग तीन सगे भाइयों के मकानों को आगोश में ले लिया। ग्रामीणों ने दमकल व तहसील प्रशासन को इसकी खबर दी।
सूचना पर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। अग्निकांड में लाखों की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। इमलिया सुल्तानपुर के बेलामऊ कलां गांव में शुक्रवार को ग्रामीण अपने कामकाज में मशगूल थे। एकाएक गांव के ही जयप्रकाश के घर में आग की तेज लपटें शुरू हो गई।
यह देख परिवारीजनों व आसपास के लोगों ने शोर मचाया। शोर-गुल सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच ग्रामीणों ने तहसील व दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण आग पर काबू पाते इससे पहले आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों से जय प्रकाश के भाइयों संजय, सर्वेश व रामखेलावन के घर चपेट में आ गए।
आग लगने से जय प्रकाश का 50 हजार कैश, जेवर व तीन सिलाई मशीन सहित काफी नुकसान हुआ। अन्य लोगों के घरों का भी हजारों का नुकसान हो गया। चारों लोगों का करीब ढाई लाख की संपत्ति नष्ट हुई। दमकल टीम ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाई। तहसील प्रशासन को भी सूचना दे दी गई है।
हाईवोल्टेज से घर में लगी आग
सीतापुर। शहर के मोहल्ला शेखसरांय में एक घर में हाईवोल्टेज के कारण शॉर्टसर्किट से आग लग गई। जिससे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हो गया। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया। शहर के शेखसरांय निवासी अय्यूब सब्जी का ठेला लगाकर परिवार की जीविका चलाते हैं।
शुक्रवार को उनके घर में अचानक तेज वोल्टेज के कारण शॉर्टसर्किट होने से आग लग गई। जब तक घर के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग बेकाबू हो गई और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी आगोश में ले लिया। बड़ी मुश्किल से लोग आग पर काबू पा सके।
अग्निकांड में तीस हजार की नकदी सहित करीब दो लाख का नुकसान हो गया। बताते हैं कि अय्यूब ने बेटी की शादी की तैयारी के लिए रुपये आदि का बंदोबस्त किया था।