सीतापुर। जिले में कसमंडा ब्लॉक की पांच ग्राम पंचायतों में हुए मनरेगा घोटाले की जांच रिपोर्ट में करीब पांच साल लग गए। जांच में एक-एक बीडीओ व एडीओ, दो जेई, चार ग्राम पंचायत सचिव, चार तकनीकी सहायक और चार प्रधान दोषी पाए गए। ऐसे में संयुक्त आयुक्त मनरेगा ने इन सभी से गबन की रकम वसूलने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मामला ब्लॉक कसमंडा का है। यहां की पांच ग्राम पंचायतों बेहड़ा बैकुंठपुर, पताराकला, जगदीशपुर, किंधौलिया व भिठौली में मनरेगा राशि का दुरुपयोग करने की शिकायत शासन व प्रशासन से की गई। जांच में एक योजना की राशि दूसरी योजना में खर्च कर वित्तीय अनियमितता की गई।
शिकायत पर शासन ने ग्राम्य विकास आगरा मंडल के प्राविधिक परीक्षक नीरज कुमार त्यागी से इसकी जांच कराई, जिसमें तकनीकी स्वीकृति सक्षम स्तर से प्राप्त नहीं किए जाने, अनियमित रूप से तकनीकी स्वीकृ़ति प्रदान किए जाने का खुलासा हुआ। जांच रिपोर्ट के मुताबिक ग्राम पंचायतों में बिना तकनीकी प्रोजेक्ट स्वीकृत कराए कार्य गए।
इनके अलावा माप पुस्तिका के सापेक्ष मस्टर रोल का भुगतान अधिक होने व साइन बोर्ड न लगाने आदि गंभीर अनियमितताएं पाईं हैं। जांच रिपोर्ट में ग्राम पंचायतों में मनरेगा से कराए गए विकास कार्यों में अनियमितताओं के लिए प्रधान, ग्राम रोजगार सेवक, ग्राम पंचायत/विकास अधिकारी, तकनीकी सहायक, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता, अवर अभियंता आरईएस सहित बीडीओ को उत्तरदायी पाया। अब जांच आख्या के आधार पर संयुक्त आयुक्त मनरेगा प्रहलाद सिंह ने 17 सितंबर को डीएम को पत्र भेजा है।
इनसे होगी वसूली
ग्राम पंचायत भिठौली में मोतीपुर तालाब के जीर्णोंद्धार में राशि का दुरुपयोग पाया। इसके लिए प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, तकनीकी सहायक से 52636 रुपये वसूले जाएंगे। इसी प्रकार ग्राम पंचायत बहरीमऊ में कमलू की बाग से भिठौलिया डामर रोड तक संपर्क मार्ग की राशि दुरुपयोग के मामले में 4863 रुपये वसूले जाएंगे।
दोषी तीन जिम्मेदार हो गए रिटायर
जांच रिपोर्ट में दोषी तीन जिम्मेदार अफसर-कर्मचारी रिटायर भी हो चुके हैं। राशि दुरुपयोग के समय जेई आरईएस व एडीओ सहकारिता कसमंडा ब्लॉक में तैनात थे। इसी प्रकार वीडीओ विजय कुमार सिंह भी यहीं नियुक्त थे। यह तीनों जिम्मेदार सेवानिवृत्त हो चुके हैं। जेई का गैर जिले तबादला हो गया है।
वर्जन
मनरेगा में घोटाले की जांच रिपोर्ट के बारे में अनभिज्ञता जताई। कहा कि इस प्रकरण को दिखवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
- संदीप कुमार, सीडीओ, अतिरिक्त अधिकारी, मनरेगा