एसपी बोले, सिपाहियों ने किया बहादुरी का काम
सीतापुर। हरगांव थाना क्षेत्र में छह दिन पूर्व चोरों द्वारा किसान को गोली मारकर मौत के घाट उतारने की वारदात का पुलिस ने सोमवार को राजफाश कर दिया। एसपी प्रभाकर चौधरी ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को वारदात के खुलासे के संबंध में जानकारी देते हुए चोरों की गिरफ्तारी का श्रेय सिपाहियों दिया। वहीं पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की।
बता दें कि बुधवार की रात हरगांव थाना क्षेत्र के रीछिन निवासी हरिश्चंद्र (30) घर में सो रहा था। आधी रात को चोर उसके घर में घुस गए। आहट पाकर हरिश्चंद्र की नींद खुली तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर मचाते ही चोर घर में बंधे बकरे को उठाकर निकल भागा।
हरिश्चंद्र ने पीछा किया तो मेवालाल के हाते करीब चोर ने हरिश्चंद्र पर तमंचे से फायर झोंक दिया। इससे हरिश्चंद्र घायल हो गया था। उसके घायल होने के बाद चोर मौके से निकल भागा। परिवारीजनों ने जब हरिश्चंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, तब डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
रविवार को किसान ने ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस वारदात का राजफाश करते हुए एसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने हरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम नौनेर के निकट छापेमारी की। यहां पर पुलिस ने नौनेर निवासी संतोष कुमार व कबीरपुर मदनापुर निवासी विजय कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उनके कब्जे से आला कत्ल तमंचा व कारतूस बरामद किया। एसपी ने बताया कि संतोष कुमार शातिर अपराधी है। उसके ऊपर 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि दोनों अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खुलेगी।
एसपी ने कहा कि इस खुलासे में सर्विलांस सेल आदि ने मदद की है, लेकिन खुलासे में शामिल सिपाही नरेंद्र बहादुर सिंह, रमेश मिश्रा, मयंक गंगवार व रंजीत यादव की अहम भूमिका रही। इसलिए सिपाहियों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
एसपी ने बताया कि यह ऐसी घटना थी, जिसमें अपराधियों का सुराग लगा पाना टेढ़ी खीर थी। इस मौके पर एएसपी मधुबन सिंह, सीओ पवन कुमार गौतम आदि मौजूद थे।