लहरपुर। मोहल्ला ठठेरी टोला में घुमंतू परिवार के लोग झुग्गी-झोपड़ी डालकर रहे हैं। इन परिवारों के बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे थे। डीएम डॉ राजा गणपति आर की पहल पर इनके लिए प्रदेश में पहली बंजारा टाउनशिप का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। अब इनके बच्चों को विद्यालय की दहलीज पर भी पहुंचा दिया गया है। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को चिन्हित 64 बच्चों से मुलाकात की। साथ ही प्राथमिक विद्यालय लहरपुर में दाखिला करवाकर पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि यह पहल घुमंतू परिवारों के बच्चे शिक्षा ग्रहण कर समाज की मुख्य धारा से जुडेंगे।
ठठेरी टोला स्थित अग्निशमन केंद्र की भूमि पर करीब 25 वर्षों से झुग्गी झोपड़ी में रह रहे घुमंतू मंगता परिवार के अधिकतर बच्चे प्राथमिक शिक्षा से वंचित हैं। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपतिआर के निर्देश पर पहले चरण में 133 परिवारों के लिए टाउनशिप बनाई जा रही है। अब इन परिवार के बच्चे भी ए, बी, सी, डी पढ़ते हुए नजर आएंगे।
बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह, बीईओ सुरेंद्रनाथ प्रजापति व डीसी निर्माण विकास कुमार शुक्रवार को इनकी बस्ती में पहुंचे। पहली बार बस्ती में इतने अफसरों को देखकर यह लोग दंग रह गए। इसके बाद बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बस्ती में ही चौपाल लगाई। स्कूल न जाने वाले बच्चों को बुलाया। इनके अभिभावकों से कहा कि अपने बच्चों को स्कूल भेजें। सरकार की तरफ से सभी सुविधाएं दी जाएंगी।
इस मौके पर शिक्षक, सुरेश कुमार, प्रदीप कुमार, अनवर अली, मो रफीक, पवन मित्तल, कृष्णकांत सिंह, लेखाकार पंकज वर्मा, प्रियंक कुमार, विजय कुमार, राकेश कुमार, विनीत कुमार और अभिभावक आदि मौजूद रहे।
यूनिफार्म पाकर खिल उठे चेहरे
बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि घुमंतू परिवार के गोपाल, सुहाना, समीर, पृथ्वी, मीनाक्षी , आकाश का कक्षा 1 में एडमिशन कराया गया है। वहीं, मौके पर कुल 64 बच्चों का नामांकन कराया है। उन्होंने बच्चों को निशुल्क ड्रेस व पुस्तकें वितरित कीं। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया कि नामांकित छात्रों को सभी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए। यूनीफार्म, पाठ्य पुस्तकें व स्टेशनरी पाकर नौनिहाल चहक उठे।
सर्वे में चिह्नित 133 परिवार होंगे लाभान्वित
डीएम डॉ राजा गणपति आर के निर्देश पर एक सर्वे कराया गया। इसके तहत परिवारों की गणना कराई गई। मौके पर 133 परिवार चिन्हित हुए। इनके सभी अभिलेखों का सत्यापन किया गया। इसके आधार पर सभी को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित कराया जा रहा है।
- शैलेंद्र सिंह, बीडीओ लहरपुर
घुमंतू परिवारों के बच्चों को पढ़ाना प्राथमिकता
घुमंतू परिवारों के बच्चों को शिक्षित करना हमारी प्राथमिकता है। जिससे वह समाज की मुख्य धारा से जुड़ सकें। 133 परिवारों को मुख्यमंत्री आवास दिया जाएगा। इस संबंध में आयुक्त ग्राम्य विकास को पत्र भेजा गया है। इन परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर सशक्त बनाया जाएगा। पुरुषों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे।
- डॉ राजा गणपति आर, जिलाधिकारी सीतापुर