फुट ओवरब्रिज नहीं तो कहीं पर प्रसाधन आधे-अधूरे, मुसाफिरों को होगी परेशानी
सीतापुर। आमान परिवर्तन के बाद ऐशबाग-सीतापुर ट्रैक पर नौ जनवरी को ट्रेनें फर्राटा भरेंगी। इस दिन रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा हरी झंडी दिखाकर यहां के रूट पर ट्रेन दौड़ाएंगे। लेकिन इस रूट पर पड़ने वाले स्टेशन यात्री सुविधाओं से पूरी तरह से लैस नहीं हैं। ज्यादातर स्टेशनों पर सहूलियतें आधी-अधूरी हैं।
हालात यह है कि कहीं पर एक से दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंचने को फुट ओवर ब्रिज नहीं है तो कहीं पर टिनशेड की कमी है या फिर बैठने को पर्याप्त बेंच नहीं हैं। यही नहीं प्रसाधन के इंतजाम भी दुरुस्त नहीं है। ऐसे में ट्रेनों के संचालन के दौरान मुसाफिरों को बदइंतजामी से जूझना होगा, हालांकि जिम्मेदार यात्री सुविधाओं को दुरुस्त करने में जुटे हैं।
सफर के दौरान समस्या से जूझेंगे मुसाफिर
कमलापुर/अटरिया। ट्रेन चलने को तैयार हो गई हैं। लेकिन स्टेशन के प्लेटफार्म अभी यात्रियों की सुविधाओं को पूरी तरह से तैयार नहीं है। कमलापुर रेलवे स्टेशन पर दो प्लेटफार्म बनाए गए हैं। पर एक से दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंचने को फुट ओवर ब्रिज नहीं हैं। यह नदारद है।
ऐसे में यात्रियों को दूसरे प्लेटफार्म से ट्रेन पकड़ने के लिए ट्रैक पर उतरकर पार करना होगा। यही नहीं यहां के प्लेटफार्म एक पर जो प्रसाधन बना है, वह पुराना और क्षतिग्रस्त है। ऐसे में इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, हालांकि बाहर से उसका रंगरोगन जरूर करा दिया गया है।
स्टेशन कार्यालय के सामने पानी भरा रहता है। दो नंबर प्लेटफार्म पर बैठने के लिए महज दो बेंच ही बनी है। इससे यात्रियों को खड़े होकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ेगा। टिनशेड भी अधूरा है। यह टिनशेड इतना छोटा है कि बारिश व धूप से यात्रियों का बच पाना मुश्किल है।
पेयजल व्यवस्था के लिए लगा नल अपनी हकीकत बयां कर रहा है। प्लेटफार्म एक से दो पर जाने के लिए पैदल पुल अति आवश्यक है, क्योंकि पटरी क्रॉस करते समय दुर्घटना की संभावना रहती है। स्टेशन के कार्यालय में लगे दरवाजों के सामने भी अभी टायल्स नहीं लगे है।
कुछ ऐसा ही हाल अटरिया रेलवे स्टेशन का भी है। यहां भी दो प्लेटफार्म है। लेकिन एक-दूसरे प्लेटफार्म पर आने जाने के लिए कोई फुट ओवर ब्रिज नहीं है। जिस कारण अगर यात्रियों को प्लेटफार्म नंबर दो से ट्रेन पकड़ना है तो उन्हें ट्रैक पर पार वहां पहुंचना होगा। यात्रियों की बैठने के लिए मात्र चार बेंच है।
पर्याप्त बेंच न होने से यात्रियों को मुसीबत उठानी पड़ेंगी। पेयजल को एक इंडिया मार्का हैंडपंप लगा है। इसी से यात्रियों को अपनी प्यास बुझानी होगी। अटरिया स्टेशन मास्टर मो, असलम ने बताया कि प्लेटफार्म 1 व 2 पर आने जाने के लिए पुल प्रस्तावित है। यहां पर नया पुल बनेगा। यात्रियों को बैठने के लिए भी बेंच और बढ़ाई जाएंगी। पानी टंकी का भी संचालन होगा।
उद्घाटन को सजने लगा खैराबाद अवध
खैराबाद। अवध की कमिश्नरी रहा ऐतिहासिक कस्बा खैराबाद नौ जनवरी को एक एतिहासिक पल का अनुभव करेगा। कारण यह है कि यहां के स्टेशन पर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा एलईडी स्क्रीन पर हरी झंडी दिखाकर सीतापुर जंक्शन से ट्रेन जो दौड़ाएंगे। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर रेल महकमे के आला अफसरों ने डेरा डाल दिया है।
साथ ही मालगोदाम यार्ड को सजाने-संवारने का कार्य भी शुरू हो गया है। रेलवे के मुताबिक मीटर गेज से ब्रॉडगेज ट्रैक कंवर्ट होने के बाद सांसद व डीआरएम ने सीतापुर और खैराबाद स्टेशन का मुआयना किया था। मुआयने में उद्घाटन कार्यक्रम स्थल खैराबाद को चुना गया था।
तय किया गया था कि खैराबाद स्टेशन से ही रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के कर कमलों से उद्घाटन कार्यक्रम कराया जाएगा। इस पर फाइनल मुहर लगाने के बाद अब रेल महकमे ने तैयारी शुरू कर दी है। यहां के मालगोदाम यार्ड में उद्घाटन कार्यक्रम का पंडाल लगाया जा रहा है। साथ ही मंच भी तैयार करने का काम चल रहा है।
अफसरों ने परखीं व्यवस्थाएं
सीतापुर/सिधौली। पूर्वोत्तर रेलवे विभाग के चीफ सेफ्टी ऑफीसर वीआर विप्लवी ने सोमवार को एशबाग-सीतापुर ट्रैक समेत स्टेशन प्लेटफार्म का निरीक्षण किया। मुआयने में टीम ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विप्लवी ने लखनऊ से मोटर ट्रॉली से निरीक्षण करते हुए अपराह्न लगभग तीन बजे सिधौली पहुंचे। उन्होंने कंट्रोल रूम में सभी उपकरणों की जानकारी ली और गेट नंबर 51 व 50 के बारे पूछा। जिस पर अधिकारियों ने सकारात्मक उत्तर दिया। इसके अतिरिक्त सिग्नल सिस्टम, रेल ट्रैक, प्लेटफार्म आदि का जायजा लिया।
इस अवसर पर रेल विकास निगम लिमिटेड के मैनेजर विनोद तिवारी, प्रोजेक्ट मैनेजर आरएस गंगवार, स्टेशन अधीक्षक ज्ञानेंद्र उपाध्याय, अश्वनी अग्रवाल, उपेंद्र वर्मा आदि उपस्थित थे। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के सहायक परिचालक प्रबंधक अनुज कुमार सिंह ने भी सीतापुर जंक्शन समेत, रनिंग रूम, क्रू लॉबी का मुआयना कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बाद में उन्होंने अधीनस्थों को सारी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।