सेमरा गांव में लोगों की समस्याएं भी सुनेंगी
महमूदाबाद ( सीतापुर)। खाद्य एवं रसद विभाग की प्रमुख सचिव निवेदिता शुक्ला बुुधवार को तहसील महमूदाबाद क्षेत्र में विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करेगी। बाद में ग्राम पंचायत सेमरा में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनेंगी।
प्रमुख सचिव के निरीक्षण की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन के साथ-साथ खाद्य विभाग, शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य से जुडे़ अधिकारी हरकत में आ गए हैं। प्रमुख सचिव के निरीक्षण में कोई कमी न मिले इसके लिये अधिकारी दिन रात एक करने में लगे हैं।
एक ओर जहां गांव में युद्धस्तर पर चमकाया जा रहा है, वहीं राशन कार्ड के छूटे हुए पात्रों से कर्मचारी वार्ता कर उनके राशन कार्ड फीडिंग कराने में जुटे हुए हैं। विद्यालय भवनों को भी दुल्हन की तरह चमकाया जा रहा है। जिले की नोडल अधिकारी और खाद्य विभाग में प्रमुख सचिव निवेदिता शुक्ला बुधवार को सुबह 10 बजे महमूदाबाद आएंगी।
इसके बाद वह तहसील, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिलौली के साथ ही ग्राम पंचायत सेमरा में प्राथमिक और जूनियर विद्यालय का निरीक्षण करेगी। सेमरा के प्राथमिक विद्यालय परिसर में वह ग्रामीणों से रूबरू होकर उनकी जनसमस्याएं भी सुनेगी। गांव में वह प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण, साफ सफाई को भी परखेंगी।