सीतापुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष भगवती गुप्ता ने कहा कि तीन सितंबर को लखनऊ के कांशीराम इको गार्डेन में आयोजित व्यापारी महाकुंभ की हुंकार पूरे देश में सुनाई देगी। यह ऐतिहासिक एकजुटता व्यापारी के मान-सम्मान व स्वाभिमान के लिए मील का पत्थर साबित होगी। वे रविवार को यहां व्यापारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
जिलाध्यक्ष ने व्यापारी समाज को आगाह करते हुए कहा कि एक वर्ष में व्यापारियों ने सरकारी खजाने में एक लाख करोड़ रुपये राजस्व जमा किया है, मगर व्यापारी को जो मान-सम्मान मिलना चाहिए , वह नहीं मिल पा रहा है। अनेक विभागों के अधिकारी व्यापारियों का शोषण करने पर उतारू हैं। अब इसके खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। व्यापारियों का उत्पीड़न कई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला उपाध्यक्ष अब्दुल कय्यूम अंसारी व ब्रजेश अस्थाना ने कहा कि हमें अपनी शक्ति व एकता का प्रदर्शन करते हुए सरकारों को मजबूर करना है कि व्यापारियों को आईएएस व आईपीएस की तरह सम्मान का अधिकार मिलना चाहिए। नगर अध्यक्ष सुनील टंडन व सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के महासचिव ललित श्रीवास्तव चंचल ने कहा कि सोमवार को लखनऊ की धरती पर जिले से सबसे अधिक संख्या में व्यापारी समाज शिरकत करेगा।
प्रतीक जिंदल, सोनू गुप्ता व विनोद गुप्ता ने संगठन की ताकत पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई उदाहरण देकर बताया कि संगठन की शक्ति से बड़े-बड़े दानवों को परास्त किया जा सकता है, इसलिए व्यापारी महाकुंभ में भारी संख्या में लखनऊ पहुंचे। इस मौके पर वैभव गुप्ता, सरदार कुलदीप सिंह, रितेश गुप्ता, बबलू चौधरी, सोनू गुप्ता, राज मिश्रा, सुरेश नंदन, जगदीश लोधी आदि मौजूद रहे।