सीतापुर। कृषि विभाग की ओर से प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना (एग्री जंक्शन) संचालित की जा रही है। इसके तहत इस साल 56 कृषि स्नातक बेरोजगारों को लाभान्वित किया गया है। उन्हें खाद, बीज, कीटनाशक बिक्री के लिए निशुल्क लाइसेंस सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे वह जीवनयापन कर रहे हैं। ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंकों को आवेदन भेजे गए हैं।
जिले के कृषि स्नाताकों को रोजगार मुहैया कराने के लिए एग्री जंक्शन योजना का संचालन कृषि विभाग कर रहा है। वित्तीय साल 2024-25 में योजना के तहत 56 कृषि स्नातकों को लाभांवित करने का लक्ष्य दिया गया था। यह पूरा कर लिया गया है। आवेदित बेरोजगारों को निशुल्क खाद, बीज, कीटनाशक बेचने का लाइसेंस देने का कार्य किया गया।
इसके तहत तय शुल्क उनके बैंक खाते में भेजा गया। जिस दुकान से वह कारोबार कर रहे हैं, उसका किराया भी विभाग दे रहा है। अधिकतम एक हजार रुपये प्रतिमाह धनराशि दी जा रही है। उप कृषि निदेशक डाॅ. एसके सिंह ने बताया कि एग्री जंक्शन योजना के तहत लक्ष्य पूरा करते हुए ब्लॉकवार 56 कृषि स्नातकों को लाभांवित किया गया है।
अनुदान पर दिया जाएगा ड्रोन
कृषि स्नाताकों को रोजगार देने के लिए विभाग की ओर से उन्हे ड्रोन के लिए अनुदान दिया जाएगा। जिससे वह ड्रोन दीदी सुनीता की तरह किसानों के खेतों में खाद का छिड़काव करके आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकें।
साथ ही उन्हें अनुदान पर ड्रोन दिया जा रहा है जिससे वह खाद का छिड़काव कर लाभ प्राप्त कर सकें। व्यवसाय करने के लिए 27 कृषि स्नाताकों के ऋण आवेदन संबंधित बैंकों को भेजे गए हैं। उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि स्नातक योजना के तहत आवेदन करके लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
एक महिला का भी मिला रोजगार
योजना के तहत एक महिला भी लाभांवित हुई है। परसेंडी ब्लॉक रहने वाली कृषि स्नातक अमीषा सिंह ने खाद और बीज बिक्री के लिए आवेदन किया था। इन्हे इसका लाइसेंस दिया गया है। वह सकरन ब्लॉक में खाद-बीज की बिक्री करके योजना का लाभ प्राप्त कर रही हैं।