सीतापुर में जिला प्रशासन करीब आठ संस्थाओं के माध्यम से धान की खरीद सरकारी रेट पर करेगा। जिसको लेकर धान क्रय केंद्रों के स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं। किसानों को किसी भी तरह की दिक्कते न होने पाएं, इसके लिए क्रय केंद्रों पर समुचित व्यवस्था भी की गई है।
धान खरीद के लिए यूपीएसएस, यूपी एग्रो, एसएफसी, कर्मचारी कल्याण निगम, एनसीसीएफ, नेफेड, नेशनल फेडरेशन आफ फार्मर्स प्रोक्योरेटमेंट एंड रिटेलिंग को आपरेटिव आदि 8 संस्थाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसानों के वाहनों से धान की उतराई व तौल फ्री है।
सरकार ग्रेड वन का धान 1450 रुपये प्रति क्विंटल व साधारण धान की खरीद 1410 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदेगी। क्रय केंद्रों पर तख्त व दरी व पेयजल का इंतजाम भी किया जाएगा। यह जिम्मेदारी मंडी समिति को सौंपी गई है।
प्रशासन ने मंडी सीतापुर, हुमायूपुर, टेड़वा चिलौला, लालपुर, बिजवार, पकरिया, कुसमा, पिपरा धूरी, सरैयां राह, शाह महोली, सिहानी पारा, हरगांव, महिमापुर, सरैंया राह हरगांव, राजेपुर, कटीली, लहरपुर, शरीफपुर कसमंडा, बसंतीपुर, सीतापुर, लहरपुर, देवियापुर, मध्ईपुर, सालपुर, सिधौली, मास्टर बाग, शंकरपुर, अनोगी, मिश्रिख, रामपुर, अफसरिया, सरैंया महीपत सिंह, महोली कटीली, मूड़ा कला आदि 54 स्थानों पर धान क्रय केंद्र खोले हैं।
क्रय केंद्र पर नमी मापक यंत्र मौजूद होंगे। जो पारदर्शिता बरतते हुए धान की क्वालिटी को बताएंगे। तौल इलेक्ट्रिक कांटे से की जाएगी। धान की सफाई के लिए छन्ने भी क्रय केंद्र पर मौजूद होंगे। इसके अलावा क्रय केंद्र पर वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी मौजूद रहेगी। क्रय केंद्र सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक खुलेंगे।