फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: परिणय सूत्र में बंधे 537 जोड़े

Sun, 21 Jan 2024 12:11 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। जिले के तीन स्थानों पर शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए पांडाल सजाया गया। यहां 537 बेटियों का विवाह धूमधाम से कराया गया। इनमें से 16 बेटियों का निकाह भी हुआ। केंद्रीय राज्य मंत्री संग कई जनप्रतिनिधियों और अफसरों ने जोड़ों को आशीर्वाद दिया। बेटियों को उपयोगी सामग्री देकर विदा किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने नव दंपती को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
विज्ञापन

महोली के कृषक इंटर कॉलेज मैदान पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को 188 बेटियों का विवाह कराया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार की देखरेख में पिसावां ब्लॉक के 94 जोड़े, महोली ब्लाॅक के 90 जोड़े व नगर पंचायत क्षेत्र के चार जोड़ों का विवाह हुआ। सांसद रेखा अरुण वर्मा व विधायक शशांक त्रिवेदी ने सभी जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद और उपहार दिए। एसडीएम अभिनव यादव, बीडीओ महोली प्रतीक सिंह, बीडीओ पिसावां प्रीति तिवारी आदि मौजूद रहे।
सिधौली कस्बे के पड़ाव मैदान पर विवाह समारोह में अग्नि को साक्षी मानकर जोड़ों ने सात फेरे लेकर वैवाहिक रस्में अदा की। समारोह में सिधौली ब्लाक के 68 जोड़ों, कसमंडा के 78 जोड़ों व नगर पंचायत सिधौली के चार जोड़ों ने वैवाहिक सूत्र में बंधकर एक दूसरे का हाथ थामा। सात निकाह भी हुए। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री व सांसद कौशल किशोर ने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए चलाई गई मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से हजारों गरीब कन्याओं का विवाह कराया जा रहा है। उन्होंने नव दंपती को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। विधायक मनीष रावत ने नव दंपतियों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष गंगाराम राजपूत आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

गायत्री चेतना केंद्र बिसवां खुर्द में सामूहिक विवाह के लिए सजे मंडप में 199 बेटियों का विवाह कराया गया। छह निकाह भी हुए। ब्लाॅक बेहटा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सभी जोड़ों को विवाह उपयोगी सामग्री दी गई। सांसद राजेश वर्मा, निवर्तमान विधायक सुनील वर्मा, ब्लॉक प्रमुख कल्पना वर्मा सहित तमाम लोगों ने सभी जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

गरीबी के चलते बेटी के हाथ पीले करने में आ रही थी दिक्कतें
महोली ब्लाॅक के हरदासपुर निवासी धर्मेंद्र भूमिहीन हैं। उनके चार बेटियां हैं। बड़ी बेटी रागिनी की शादी रिश्तेदारों के सहयोग से कर दी थी। दूसरी बेटी मोहिनी के हाथ पीले करना काफी दिक्कतों भरा था। रिश्ता तो तलाश कर लिया था। लेकिन वैवाहिक खर्चा वहन करने की स्थिति नहीं थी। उन्होंने बताया कि प्रधान ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी। रामकोट इलाके के 26 वर्षीय राममोहन के साथ शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बेटी की शादी की है। जिसमें सरकार की तरफ से दान-दहेज भी मिला है। धर्मेंद्र ने बताया कि भूमिहीन होने के चलते शादी का खर्चा उठा पाना बस की बात नहीं थी। विवाह योजना के जरिए बेटी के हाथ पीले कर खुशी का अनुभव हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें