सीतापुर। जिले के किसानों को अब डीएपी की किल्लत से होने वाली परेशानी नहीं उठाना पड़ेगी। जिलाधिकारी डा. राजा गणपति आर ने जिले में संचालित करीब डेढ़ सौ समितियों को वितरण के लिए 26 सौ मीट्रिक टन अर्थात 52 हजार बोरी डीएपी आवंटित कराई है। भंडारण केंद्र से यह डीएपी अगले दो दिनों में वितरण के लिए समितियों तक पहुंच जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार ने दावा किया कि फिलहाल जिले में किसी भी तरह की खाद की कोई किल्लत नहीं है। सभी प्रकार के खादों की सहकारी समितियों व निजी दुकानों पर पर्याप्त उपलब्धता है। किसान आवश्कतानुसार अपने नजदीकी केंद्र से नियमानुसार खाद खरीद सकते हैं। उन्होंने बताया कि यूरिया का मूल्य 266.50 रुपये है। डीएपी का मूल्य 1350 रुपये है। एनपीके (12ः32ः16) का मूल्य 1900 रुपये है। इसी तरह एनपीके (20ः20ः0ः13) का मूल्य 1550 रुपये, एनपीके (10ः26ः26) का मूल्य 1850 रुपये है। जबकि पोटाश की कीमत 1800 रुपये है।
उन्होंने बताया कि डीएपी और यूरिया को छोड़कर अन्य खादों का बिकी दर बोरी पर अंकित विवरण के अनुसार ही मान्य होगी। उन्होंने किसानों से अपील की है कि जो भी किसान सरसों की बुआई करना चाहते हैं, वह डीएपी के स्थान पर एनपीके (20ः20ः0ः13) या एसएसपी व गन्ना और आलू के किसान एनपीके का प्रयोग कर सकते हैं।
किसानों को जोत के अनुसार दें खाद
खाद विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि किसानों को उनकी जोत के अनुसार खाद का वितरण किया जाए। किसानों का विवरण व मोबाइल नंबर भी बिक्री रजिस्टर पर अवश्य दर्ज किया जाए। निजी दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि किसानों को निर्धारित दर पर ही खाद की बिक्री की जाए। इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर सीधे बिक्री लाइसेंस निरस्त करने तक की कड़ी कार्रवाई होगी।
किसानों को अनुदान पर बीज उपलब्ध
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानाें को रबी फसल के लिए अनुदान पर बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसान संबंधित विकास खंड से बीज प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सभी प्रजाति का गेहूं 2340 रुपये प्रति क्विंटल लिया जा सकता है।