24 बीघा गन्ने की फसल भी जलकर हुई राख
मानपुर (सीतापुर)। थाना इलाके में अलग-अलग अग्निकांडों के दौरान 24 बीघा गन्ने की फसल व एक मुर्गी पालन फार्म जलकर राख हो गया। फार्म में पल रहे साढ़े पांच हजार मुर्गी के चूजे जिंदा जल गए। अग्निकांडों में करीब नौ लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पीड़ितों ने पुलिस व प्रशासन को सूचना दी है।
स्थानीय थानाक्षेत्र के सरबाहनपुर गांव के पश्चिम खेतों से होकर हाईटेंशन लाइन निकली है। रविवार की देर शाम जर्जर विद्युत तार आपस में टकराने पर निकली चिंगारी से सूरज प्रसाद मिश्र के गन्ने के खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पड़ोस के खेतों में लगे गन्ने को भी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सूरज प्रसाद मिश्रा की दस बीघा, छन्नूलाल मिश्रा की दो बीघा, राजेश की पांच बीघा, रामलखन की दो बीघा व नसीरपुर निवासी सुरेंद्र यादव की पांच बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो चुकी थी।
वहीं, सोमवार दोपहर करीब दो बजे क्षेत्र के बघईया निवासी सरफुद्दीन के गांव के बाहर स्थित मुर्गी फार्म में अज्ञात कारणों से आग लग गई। सरफुद्दीन ने बताया कि जब तक आग बुझाई जाती फार्म में पल रहे साढ़े पांच हजार मुर्गी के चूजे जिंदा जल गए। फार्म में करीब साढ़े पांच लाख की सम्पत्ति का नुकसान होना बताया जा रहा है।
मकान में आग लगने से किशोर झुलसा
महमूदाबाद। सदरपुर थाना इलाके में अज्ञात कारणों से एक मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आकर दो मवेशी झुलस गए। मवेशियों को बचाने के प्रयास में एक किशोर भी झुलस गया। अग्निकांड में हजारों की सम्पत्ति के नुकसान का अनुमान है।
थानाक्षेत्र सदरपुर के ग्राम संदना कुटी मजरा बजेहरा निवासी मुन्नालाल के घर रविवार की रात आग लग गयी। आग की लपटें देख हड़कम्प मच गया। आग की चपेट में आकर दो भैंस के बच्चे झुलस गए। मवेशियों को बचाने के प्रयास में मुन्नालाल का लड़का सोनू चौहान (16) भी झुलस गया।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सोमवार को क्षेत्रीय लेखपाल पूर्णेदु प्रकाश ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया। मुन्नालाल ने गांव के ही दो लोगों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। सदरपुर पुलिस जांच की बात कह रही है।