रुपये दोगुने करने का झांसा देकर ठगी करने वाले पांच दबोचे
सीतापुर। शहर कोतवाली पुलिस ने झरेखापुर के निकट से पांच संदिग्धों को उठाया है। ये पांचों लोग एक कार में सवार थे। बताया जा रहा है, कि ये पांचों लोग रुपये दोगुने करने का झांसा देकर ठगी करते थे। पुलिस इस संबंध में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
कोतवाली पुलिस एक कार का पीछा कर रही थी। सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर हरगांव थाना क्षेत्र की सीमा में झरेखापुर के निकट टीम ने कार सवार संदिग्धों को दबोच लिया।
जिसके बाद पांचों को कोतवाली में लाकर पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि ये पांचों लोग शातिर ठग हैं। इनके कब्जे से नोट के आकार के बराबर की कागज की गड्डियां बरामद की गईं हैं।
ये गैंग लोगों को रुपये दोगुने करने का झांसा देता था। जिसके बाद नोट के बदले कागज की गड्डी थमाकर फरार हो जाता था।
इस मामले में पुलिस के अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। हालांकि सीओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ संदिग्धों को पकड़ा गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा।