अटरिया थाना परिसर में छिपे आतंकियों को दबोचा!
सीतापुर/अटरिया। दोपहर के दो बजे थे। तभी विशेष कमांडो दस्ते ने अटरिया थाने के आवासीय परिसर को पूरी तरह घेर लिया। पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई।
आवासीय परिसर में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलते ही लोगों में हड़कंप मच गया। हर कोई हैरत में था कि आखिर आतंकी थाने परिसर में कैसे छिप गए। लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे। इ
सी बीच अत्याधुनिक हथियारों से लैस करीब 60 कमांडो ने थाना परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया और दो घंटे की कार्रवाई के बाद कुछ आतंकी पकड़े गए। हालांकि जब लोगों को पता चला कि यह कार्रवाई एक मॉकड्रिल है तो लोगों की जान में जान आ सकी।
दरअसल, लखनऊ एटीएस का दस्ता आतंकियों से निपटने के लिए पुलिस को प्रशिक्षण देने की खातिर शुक्रवार को अटरिया थाने पहुंचा।
दस्ते में करीब 60 विशेष कमांडो शामिल थे। पहले से सूचना न होने से अचानक गाड़ियों से आए कमांडो ने अटरिया थाने के आवासीय परिसर को घेर लिया।
उधर से गुजर रहे लोगों ने देखा तो सभी सहम गए। कमांडो दस्ते ने थाना परिसर को इस कदर घेर रखा था, कि कोई भी आम आदमी उसके करीब नहीं फटकने पाया।
खबर फैली तो अटरिया कस्बे में हड़कंप मच गया। हर जगह एक ही चर्चा थी कि अटरिया थाना परिसर में आतंकी घुस आए हैं, जिन्होंने आवास में रह रहे लोगों को बंधक बना लिया है।
कस्बे के लोग इस सूचना से सहम गए। लोग थाने की ओर भागे लेकिन नाकेबंदी के चलते आसपास भी भटक न सके। इसके बाद एटीएस के विशेष कमांडो दस्ते ने आवासों की घेराबंदी करते हुए दरवाजों को खोला और उसके अंदर छिपे लोगों को गिरफ्तार कर बाहर निकाला।
करीब डेढ़ से दो घंटे तक कांबिंग चली। इसके बाद थाने से कुछ लोगों को पकड़ा गया। बाद में लोगों को बताया गया कि यह महज मॉकड्रिल था।
एटीएस टीम थाना पुलिस को आतंकियों व शातिर अपराधियों से निपटने की ट्रेनिंग दे रही है। थानाध्यक्ष ओपी राय ने बताया कि एटीएस दस्ते ने यहां पर आतंकियों से निपटने की मॉकड्रिल की है।