सीतापुर। 500 बेटियों के हाथ पीले किए जाएंगे। इसके लिए ब्लॉक व निकायवार लक्ष्य तय करते हुए पात्र जोड़ों का शादी समारोह आयोजित करने की जिम्मेदारी सभी बीडीओ व ईओ को दी गई है। 75 बेटियों का विवाह कराने के लिए धनराशि भेज दी गई है। सीएम सामूहिक विवाह योजना से ब्लॉक व निकायों में पंडाल सजाए जाएंगे। विवाह संस्कार में बेटियों को उपयोगी सामग्री दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में 500 बेटियों की सरकारी खर्च पर विवाह कराने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए शासन ने पर्याप्त धनराशि समाज कल्याण विभाग को उपलब्ध कराई है। सामूहिक विवाह कराने के लिए जोड़ों के चयन किया जा रहा है। 75 जोड़ों का चयन हो चुका है। इससे लिए संबंधित खाते में धनराशि भेजी जा चुकी है। शेष 425 जोड़ों के लिए विकासखंड एवं नगर पालिका व नगर पंचायतवार लक्ष्य तय कर चयन की जिम्मेदारी दी गई है।
जोड़ों को चयन करने के बाद धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। बेटियों की शादी धूमधाम से कराने की जिम्मेदारी सभी खंड विकास अधिकारी एवं अधिशाषी अधिकारियों को दी गई है। यह अपने स्तर से संबंधित का सहयोग लेते हुए सभी बंदोबस्त करेंगे। योजना के तहत ब्लाक एवं निकायवार जोड़ों की शादी कराए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पिसावां, लहरपुर, रेउसा, रामपुर मथुरा एवं हरगांव ब्लाक में प्रति ब्लाक 20 जोड़ों की शादी कराई जानी है। बेहटा में 18 एवं महमूदाबाद में 17 जोड़ों की शादी होगी। शेष ब्लाकों में 15-15 शादी कराने का लक्ष्य है। इसी प्रकार नगर पालिका सीतापुर एवं बिसवां में 15-15 जोड़ों की शादी होनी है। लहरपुर, खैराबाद, महमूदाबाद, हरगांव, महोली, तंबौर, सिधौली निकाय में 10-10 एवं मिश्रिख व पैंतेपुर में 5-5 जोड़ों की शादी होगी।
बेटी को मिलेंगे 35 हजार रुपये
सामूहिक विवाह योजना पर प्रति जोड़ा खर्च होने वाली धनराशि तय कर दी गई है। एक जोड़े पर 51 हजार रुपये खर्च होंगे। इसमें 35 हजार बेटी के बैंक खाते में भेजे जाएंगे। 10 हजार का सामान दिया जाएगा। विवाह मंडप सहित अन्य कार्यों के लिए छह हजार रुपये खर्च किए जा सकेंगे।
शासन ने दो करोड़ 55 लाख रुपये योजना के तहत उपलब्ध कराएं हैं। शादी समारोह में वर-वधू को उपयोगी सामग्री दी जाएगी। संबंधित सामग्री खरीदने के लिए गठित जिला स्तरीय समिति ने सामग्री व उसकी लागत का निर्धारण पहले से ही कर लिया है। जिससे विवाह संस्कार में कोई दिक्कत न हो। शादी संबंधी सभी साजो-सामान दिया जाएगा।
इसके तहत श्रंगारदान, चांदी की बिछिया दो जोड़ी, चांदी की पायल एक जोड़ी, साड़ी, चुनरी गोटेदार लाल आदि दिया जाएगा। पैंट शर्ट का कपड़ा, डिनर सेट स्टील (42 बर्तन का), प्रेशर कुकर, एल्युमिनियम का बक्सा आदि दिया जाएगा।
28 को खैराबाद में सजेगा मंडप
28 जनवरी को खैराबाद में सामूहिक विवाह कराने की तैयारी की जा रही है। यहां 28 जोड़ों का धूमधाम से विवाह संस्कार होगा। इसके लिए धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। इसकी पुष्टि जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार ने की है।
सीएम सामूहिक विवाह योजना के तहत ब्लाक एवं निकायवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसकी सूचना संबंधित बीडीओ एवं ईओ को देते हुए जोड़ों का चयन कर धनराशि की मांग करने के लिए पत्र डीएम की ओर से भेजा जा चुका है। पांच सौ जोड़ों की शादी के लिए धनराशि उपलब्ध है। इसमें 75 जोड़ों का विवाह कराने के लिए धनराशि संबंधित खातों में भेजी गई है।
- राजेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी