सीतापुर। एसओजी व सिधौली पुलिस ने मंगलवार भोर 50 हजार के इनामी बदमाश सिद्धेश्वर नगर निवासी छोटू मिश्रा उर्फ सुनील मिश्रा उर्फ छोटू पंडित को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाइक सवार एक संदिग्ध व्यक्ति बाड़ी गांव के पास से गुजरने वाला है। पुलिसकर्मियों ने कोनी घाट के समीप बैरियर लगाकर एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया और भागने लगा।
एसओजी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह की टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई जो बाइक सवार बदमाश के बाएं पैर में जा लगी और वह बाइक समेत गिर गया। इसी बीच पुलिस ने उसे दबोच लिया।
एसपी ने बताया कि बाइक सवार बदमाश की पहचान सिद्धेश्वर नगर निवासी छोटू मिश्रा उर्फ सुनील मिश्रा उर्फ छोटू पंडित के रूप में हुई। उस पर 50 हजार का इनाम घोषित था। आरोपी के पास से बाइक, एक तमंचा व कारतूस, मोबाइल व 1940 रुपये बरामद हुए हैं। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि आरोपी पर जबरन वसूली के मामले में इनाम घोषित था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।