बिसवां के एक व्यापारी बोले, उनके पेट्रोल पंप की है नकदी
सिधौली (सीतापुर)। लोकसभा चुनाव को लेकर निगरानी कर रही टीम ने गुरुवार कमलापुर इलाके में चेकिंग के दौरान सात लाख कैश पकड़ा है। यह रकम ले जा रहे लोग इस राशि से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके, जिसके चलते कैश को ट्रेजरी में जमा करा दिया गया है। हालांकि शहर के एक कारोबारी ने यह कैश अपना होना बताया था।
दरअसल चुनाव को लेकर निगरानी कर रहे टीम के सदस्य मजिस्ट्रेट आदित्य सिंह, दरोगा विनोद कुमार शर्मा टीम के साथ गुरुवार को सिधौली-बिसवां मार्ग पर मास्टरबाग पुलिस चौकी के निकट चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान टीम ने एक कार को रोक कर जांच की तो उसे सलमान निवासी सदर कैंट लखनऊ चला रहा था और सिधौली निवासी मनीष कुमार उसमें सवार था।
जांच में कार से सात लाख रुपये से भरा बैग बरामद किया गया। उसमें पांच सौ नोट की 14 गड्डी थीं। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वह लोग लखनऊ से बिसवां जा रहे थे। यह लोग कैश से संबंधित कोई कागजात व सबूत नहीं दिखा पाए। जिसके चलते टीम ने कैश सहित इन लोगों को सिधौली कोतवाली पहुंचाया।
जहां सीओ अंकित कुमार, कोतवाल संजय कुमार, नायब तहसीलदार अवनींद्र कुमार ने भी पूछताछ की। यहां इन लोगों ने बताया कि लखनऊ में रात को पैसा न जमा होने से निरालानगर लखनऊ से यह रुपया बिसवां स्थित मूसाराम भगवान दास पेट्रोल पंप पर वापस ले जाया जा रहा था।
पंप मालिक सुभाष चंद्र अग्रवाल ने अपने पैसे होने की बात भी स्वीकारी और कहा कि मनीष कुमार हमारे पैट्रोल पंप का कर्मी है। लेकिन सबूत न मिलने की वजह से पुलिस ने कैश को ट्रेजरी में जमा कराने के लिए भेज दिया है।