शारदा नदी के तटों पर हो स्थायी समाधान
तंबौर। शारदा कटान रोको संघर्ष मोर्चा के बैनर तले रविवार को 12 गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने काशीपुर में प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
बाद में वहीं पर बैठकर प्रदर्शनकारियों ने एक दिनी धरना भी दिया। सभी कटान पीड़ित शारदा नदी के किनारे बोल्डर पत्थर डलवाकर स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन में कटान प्रभावित काशीपुर मल्लापुर, असाईपुर, कम्हरिया, बढ़ई पुरवा, शेखपुर आदि गांवों के कटान पीड़ित शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए समाजसेविका ऋचा सिंह ने कहा कि बोरी और बालू की परियोजना बनाकर केवल यहां के प्रशासन द्वारा मीठी घुट्टी पिलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि यहां के कटान पीड़ितों को अस्थायी समाधान नहीं चाहिए। उसे स्थायी समाधान चाहिए। अस्थायी समाधान के कार्य कतई स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि शारदा पर बोल्डर लगवाकर स्थायी समाधान के अपने वायदे को पूरा किया जाए। इस मौके पर विनीत तिवारी, संजय शुक्ल, शिवबरन लाल, विद्याधर, परमेश्वर गुप्ता, रोहित कुमार, हर्षित कुमार, राजेंद्र प्रधान, बहोरीलाल, रजी अहमद, सकूर अली, सुरेश चंद्र, विकास मिश्रा, विमलेश, कमला कांत, राजकुमार, बृजेश कुमार आदि आदि मौजूद रहे।