खैराबाद (सीतापुर)। वाहन स्वामियों को राहत एवं सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से खैराबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय में मंगलवार को दो दिवसीय विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इसमें पहले दिन 38 आवेदन आए लेकिन सर्वर डाउन होने से निराश होकर लोगों को वापस लौटना पड़ा। कैंप का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक वाहन मालिकों को विभाग की योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि मंगलवार को निस्तारण के लिए 38 आवेदन आए थे पर सर्वर न चलने से उन्हें निस्तारित नहीं किया जा सका। बुधवार को कैंप लगाकर लोगों की समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। कैंप में उन वाहन स्वामियों को विशेष राहत दी जाएगी जिनके वाहनों पर टैक्स बकाया है। ऐसे मामलों में नियमानुसार बकाया टैक्स पर लगाई गई पेनाल्टी में छूट प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित करों का निस्तारण कराएं और अपने वाहनों को नियमों के अनुरूप अपडेट रखें। शिविर में वाहन पंजीकरण, टैक्स जमा करने की प्रक्रिया, फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित जानकारी भी प्रदान की जाएगी।