सीतापुर। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के सातवें दिन बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में तहसील सदर में 36 प्रत्याशियों ने अपने प्रस्तावकों के साथ पर्चा दाखिल किया। भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस, आप सहित अन्य दलों व निर्दलीयों ने नामांकन किया। इसमें कई प्रत्याशी पहले नामांकन कर चुके थे। बुधवार को अतिरिक्त सेट में पर्चा दाखिल किया। तहसील परिसर के अंदर और बाहर पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहा। प्रवेश से पूर्व थर्मल स्कैनिंग की गई।
जिले में चौथे चरण में 23 फरवरी को नौ विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों पर मतदान होगा। इसके लिए 27 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई। तहसील सदर के दो भवनों के विभिन्न कक्षों में नामांकन दाखिल किए जा रहे हैं। पहले दिन केवल नामांकन पत्र प्रत्याशियों द्वारा प्राप्त किए गए थे। दूसरे दिन से पर्चे दाखिल होना शुरू हुए। सातवें दिन बुधवार को सर्वाधिक 36 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा।
इसमें कई ऐसे प्रत्याशी रहे, जिनके द्वारा अतिरिक्त सेट में नामांकन किया गया। विधानसभा महोली से कांग्रेस उम्मीदवार आशीष मिश्रा ने अपने प्रस्तावकों के साथ आरओ एसडीएम पूनम भाष्कर के समक्ष नामांकन किया। यहीं से भारतीय सुभाष सेना के राजेश कुमार राठौर, बीएसपी से राजेंद्र प्रसाद वर्मा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में राधेश्याम व श्यामलाल ने नामांकन किया।
सदर विधानसभा से बीएसपी प्रत्याशी खुर्शीद अंसारी ने पर्चा भरा। कांग्रेस से शमीना शफीक, आम आदमी पार्टी से आनंद जायसवाल और निर्दलीय राकेश ने नामांकन किया। हरगांव विधानसभा से बीएसपी के प्रत्याशी रानू चौधरी, भाकपा माले के अर्जुन लाल, कांग्रेस की ममता भार्गव ने पर्चा भरा। सपा के रामहेत भारती व भाजपा के सुरेश राही ने अतिरिक्त सेट में नामांकन किया। लहरपुर से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी संतोष सक्सेना और कांग्रेस की अनुपमा द्विवेदी ने अतिरिक्त सेट में पर्चा भरा। विधानसभा बिसवां कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी वंदना भार्गव ने नामांकन किया। भाजपा नेता सलिल सेठ और रियाजुद्दीन उर्फ राजू ने निर्दलीय पर्चा भरा।
सपा के अफजाल कौसर, भाजपा के निर्मल वर्मा, बसपा के हासिम अली ने अतिरिक्त सेट में नामांकन किया। सेवता विधानसभा से एक मात्र कांग्रेस प्रत्याशी विजय नाथ ने पर्चा दाखिल किया है। महमूदाबाद से भाजपा की आशा मौर्या ने अतिरिक्त सेट और दीप कुमार व विनोद कुमार ने निर्दलीय पर्चा भरा। सिधौली से भाजपा के प्रत्याशी मनीष रावत ने नामांकन भरा।
यहीं से बसपा के पुष्पेंद्र कुमार, कांग्रेस की कमला रावत, वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल के राजकरन ने पर्चा भरा। सपा के डॉ. हरगोविंद भार्गव ने अतिरिक्त सेट में नामांकन किया। मिश्रिख विधान सभा से भाजपा के प्रत्याशी रामकृष्ण भार्गव, बसपा के श्याम किशोर, जनसत्ता के धर्मेंद्र धनगर, आजाद समाज पार्टी के विजय प्रकाश गौतम, आप के बाबूराम ने नामांकन दाखिल किया।
सातवें दिन भी 20 उम्मीदवारों ने लिए पर्चे
नामांकन दाखिल करने के लिए मात्र एक दिन शेष बचा है। सातवें दिन तमाम उम्मीदवारों ने पर्चा प्राप्त किया। महोली से भाजपा प्रत्याशी शशांक त्रिवेदी, राजकुमार मिश्रा, अनिल कुमार गुप्ता ने पर्चा लिया। इसी प्रकार सदर से श्रवण, आशीष मिश्रा, रामेश्वर प्रसाद ने, सेवता से अजय प्रताप सिंह ने, सिधौली से मो. नईम, पुष्पेंद्र, महमूदाबाद से विनोद कुमार, मिश्रिख से सुभाष चंद्र राजवंशी, बिसवां से राजेंद्र कुमार मौर्य, सलिल सेठ, प्रभाकर सिंह चौहान सहित अन्य ने पर्चा लिया।