कल्ली चौराहा (सीतापुर)। पीएम आवास योजना में धांधली चल रही है, जिससे गरीबों को दिक्कतें हो रही हैं। ब्लॉक गोंदलामऊ की ग्राम पंचायत अमटामऊ में आवास के नाम पर जिम्मेदारों पर कई आवास लाभार्थियों ने रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। इस मसले को लेकर डीएम से भी शिकायत की गई है।
गोंदलामऊ ब्लॉक की ग्राम पंचायत अमटामऊ के मजरा उचौली निवासी रामासरे का आवास सूची में क्रमांक 28 पर नाम दर्ज है। इनका आरोप है कि प्रधान रेखा देवी के पुत्र सुधीर कुमार उर्फ कल्लू ने उससे 20 हजार रुपये मांगे। आरोप है कि मांगी जा रही रकम देने के लिए धन नहीं है। कहा जा रहा है कि जब रकम दोगे तभी आवास की किस्त आएगी। बीडीओ से लेकर सीएम तक इसकी शिकायत की जा चुकी है।
इसी प्रकार परमेश्वर पुत्र लल्लू का भी आरोप है कि प्रधान पुत्र ने आवास की पहली किस्त से 10 हजार रुपये ले लिए थे। एक वर्ष बीत जाने के बाद भी दूसरी किस्त नहीं मिली है। इसके लिए अवैध रूप से धन की मांग की जा रही है। रामपाल पुत्र बराती लाल का आवास सूची में क्रम संख्या 12 पर नाम दर्ज है।
इनका आरोप है कि प्रधान के पुत्र को मजदूरी की रकम से पिछले पूस में दस हजार रुपये दिए थे। इसके बाद भी आवास की किस्त नहीं मिली है। इसकी शिकायत डीएम से की है, मगर कार्रवाई नहीं हुई। राजकुमार पुत्र कढ़िले निवासी उचौली का आरोप है कि आवास के लिए पात्र होने के बाद भी दूसरे को दे दिया गया। कच्चा घर गिर जाने से झोपड़ी में रहना पड़ रहा है।
इस संबंध में बीडीओ गोंदलामऊ शोभनाथ चौरसिया से बात की गई तो बताया कि अभिलेख देखकर ही बात पाएंगे। दोबारा में बताया कि एक आवास लाभार्थी का पैसा गलत खाते में चला गया है। उसकी जांच की जा रही है।