सीतापुर। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब विद्युत कनेक्शन कराने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। वह एक घंटे के अंदर ही फीस जमा करके कनेक्शन करा सकेंगे। कारण यह है कि अब पावर कॉर्पोरेशेेन उपभोक्ताओं के घर पर दस्तक देने जा रहा है। इसके लिए पूरे जिले में सौभाग्य रथ चलाया जाएगा।
इस रथ के माध्यम से पावर कॉर्पोरेशन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही इस रथ में कनेक्शन से संबंधित सभी सामग्री उपलब्ध रहेगी। अगर कोई कनेक्शन लेने का इच्छुक है तो मौके पर ही कागजी कार्रवाई पूर्ण करते हुए कनेक्शन दे दिया जाएगा। इस रथ की आज से शुरुआत होगी। सांसद राजेश वर्मा हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना करेंगे।
सौभाग्य योजना के तहत बहुत ही कम दरों पर उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन दिए जा रहे हैं। अब इसका दायरा और बढ़ा दिया गया है। पावर कॉर्पोरेशन अब अभियान चलाकर जिले के प्रत्येक गांव/मजरे तक पहुंचेगा। इसके लिए सौभाग्य रथ चलाया जाएगा। यह रथ गांव में जाकर सबसे पहले पॉवर कॉर्पोरेशन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देगा।
अगर कोई कनेक्शन लेने की बात कहता है तो टीम वहीं पर एक घंटे के अंदर विद्युत कनेक्शन कर देगी। साथ ही गांव में सभा भी लगाई जाएगी। अफसर विद्युत बिल संबंधी सभी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करेंगे। इसके लिए जिले में दो रथ चलाए जाएंगे। सोमवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय सुदामापुरी से सांसद राजेश वर्मा हरी झंडी दिखाकर इसको रवाना करेंगे।
अधीक्षण अभियंता एनपी सिंह ने कहा कि सौभाग्य रथ प्रत्येक गांव/कस्बे तक पहुंचेगा। इसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। अब उपभोक्ता घर बैठे ही आसानी से अपनी मौके पर समस्या का निस्तारण करा सकेंगे। सोमवार से रथ की रवानगी होगी।