फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिता ने कर डाला मासूम का कत्ल

विज्ञापन
विज्ञापन
आरोपी पिता हत्या करने के बाद बोरे में शव भरकर ले गया घर
विज्ञापन

अटरिया (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर एक सिरफिरे ने अपने ही मासूम बेटे की गला काटकर हत्या कर दी। कत्ल के बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरा और घर लेकर पहुंच गया। वह गांव के ही दो लोगों को फंसाने के लिए मनगढ़ंत कहानी भी बता रहा था। लेकिन मौके पर पहुंचे एसपी ने जांच कर घटना का राजफाश कर दिया।

पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। वहीं आलाकत्ल व खून से सने आरोपी के कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। घटना का कारण आरोपी की दिमागी हालत का ठीक न होना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने बालक के पिता की तहरीर पर गांव के दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस भी दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन


अटरिया थाना क्षेत्र के ग्राम जजौर निवासी सुरेश उर्फ गुड्डू दीक्षित शनिवार को अपने पुत्र शिवम (12) के साथ साइकिल लेकर घर से निकला था। घर पर उसने बताया कि वह बाजार जा रहा है। करीब दो घंटे बाद वह शिवम के रक्तरंजित शव को बोरे में भरकर घर पहुंचा।

परिवार के पूछने पर बताने लगा कि वह शिवम को गांव के बाहर ईंट भट्ठे के करीब छोड़कर बाजार चला गया था। इसी बीच गांव के दो लोग वहां पहुंचे, जिन्होंने शिवम का कत्ल कर डाला। शिवम का गला कटा हुआ था। घटना के संबंध में बालक के पिता गुड्डू दीक्षित ने अपने ही गांव के संदीप शुक्ला व उसके पिता संतोष शुक्ला के खिलाफ थाने में तहरीर दी।

दिनदहाड़े हुए कत्ल की सूचना पाते ही एसपी प्रभाकर चौधरी डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली। बालक के पिता की बातों पर संदेह होते ही एसपी ने उसे हिरासत में लेकर जांच करने के निर्देश दिए। डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम जहां शिवम के पिता को ही संदेह के घेरे में ले रही थी।

वहीं थाना पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने गुड्डू की निशानदेही पर उसकी खून से सनी शर्ट एक तालाब से बरामद की और घटनास्थल से बांका भी बरामद किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी दिमागी रूप से बीमार है। उसका गांव के ही कुछ लोगों से जमीन के कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है।

उसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने दुश्मनों को फंसाने के लिए ऐसी साजिश रची की अपने ही घर का चिराग बुझा डाला। हालांकि गुड्डू दीक्षित की तहरीर पर जजौर निवासी संदीप शुक्ला व उसके पिता संतोष शुक्ला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।

थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि कत्ल बालक के पिता ने ही किया है। लेकिन जब बालक के पिता ने तहरीर दी, तो गांव के संदीप व संतोष के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस इस मामले में साक्ष्यों को जुटाने में लगी हुई थी। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

पिता ने ही किया कत्ल
बालक का कत्ल उसके ही पिता गुड्डू दीक्षित ने किया है। हत्या में प्रयुक्त बांका व रक्तरंजित आरोपी की शर्ट बरामद कर ली गई है। घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस जांच कर रही है।
-प्रभाकर चौधरी, एसपी

आरोपी की बातों से ही खुलती गई सच्चाईं की परतें
12 वर्ष के शिवम का शव देखकर पहले तो पुलिस को भी लगा कि किसी अन्य व्यक्तियों ने बालक को मौत के घाट उतारा है। लेकिन जब पुलिस बालक के पिता गुड्डू से पूछताछ में जुटी तो रहस्य खुलता ही चला गया। पुलिस को संदेह उसी वक्त हो गया, जब गुड्डू अपने पुत्र के शव को घटनास्थल पर न छोड़कर बोरे में भरकर घर ले गया।

पुलिस का मानना है कि बड़ी से बड़ी वारदात में भी लोग कत्ल की सूचना पुलिस को देते हैं, उसके बाद ही शव को हाथ लगाते हैं। लेकिन गुड्डू ने ऐसा कुछ भी नहीं किया, वह पुलिस को सूचना देने के बजाय शव को उठाकर सीधे घर ले गया। जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने कत्ल की सूचना पुलिस को दी। तब कहीं जाकर पुलिस को वारदात की जानकारी हो सकी।

शर्ट गायब होना भी संदेह
बताया जा रहा है कि दोपहर के वक्त गुड्डू जब अपने पुत्र शिवम के साथ घर से निकला था। तब वह पैंट व शर्ट पहने हुए था। लेकिन जब वह बोरे में शव लेकर घर पहुंचा, तब उसके शरीर से शर्ट गायब थी।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस ने जब एक तालाब से गुड्डू की शर्ट बरामद की, तब गुड्डू उस शर्ट को अपनी मानने से इंकार करने लगा। लेकिन इसी बीच गुड्डू की पत्नी कात्यायनी दीक्षित ने शर्ट गुड्डू की होने की बात स्वीकार की। शर्ट खून से सनी हुई थी। माना जा रहा है कि खुद को बचाने के लिए गुड्डू ने शर्ट को तालाब में फेंक दिया था।
विज्ञापन


इकलौता पुत्र था शिवम
गुड्डू व कात्यायनी के परिवार में इकलौते बेटे शिवम के अलावा उनकी दो पुत्रियां पारुल (7) व साक्षी (4) हैं। परिवार ने सपने में भी नहीं सोचा था कि जो पिता शिवम की एक पुकार पर दौड़ा चला आता था। एक दिन वह ही उसका कत्ल कर देगा। घटना से बालक की मां को गहरा सदमा पहुंचा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें